
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान के सोशल मीडिया पोस्ट में कुरान की आयतों वाला पेंडेंट नजर आने के बाद विवाद पर समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कुरान की किसी आयत पर सच्चा विश्वास रखता है और उसे पूरी श्रद्धा के साथ पहनता है तो किसी को भी इस पर आपत्ति जताने का अधिकार नहीं है।
मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि कोई व्यक्ति इसे फैशन के तौर पर पहने या किसी अन्य वजह से, यह उसकी अपनी पसंद है। अगर वह कुरान की आयत पर विश्वास करता है और उसे सम्मान तथा सच्चे मन से पहनता है, इस उम्मीद में कि इससे उसकी इज्जत और सम्मान की रक्षा होगी, तो इसे उसी नजरिए से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की चीजों को सम्मान के साथ देखना चाहिए और इसे आस्था की अभिव्यक्ति के रूप में समझना चाहिए।
बता दें कि करीना कपूर खान अपने दिवाली लुक को लेकर विवादों में घिर गई। विवाद की वजह उनका खानदानी पेंडेंट है, जिस पर पवित्र कुरान के दूसरे अध्याय 'सूरह अल-बकराह' की 255वीं आयत 'आयत-उल-कुरसी' खुदी हुई है। कांग्रेस नेता और सोशल एक्टिविस्ट अब्बास हाफिज ने इस पेंडेंट को को फैशन स्टेटमेंट के तौर इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताते हुए इसे धार्मिक ग्रंथ का अपमान बताया है।
टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद की ओर से भगवान राम और अयोध्या के राम मंदिर को लेकर की गई टिप्पणी पर भी मोहिबुल्लाह नदवी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म की परिभाषा, व्याख्या और अर्थ केवल आरएसएस और भाजपा की ओर से पेश किए गए नजरिए तक सीमित नहीं हैं।
नदवी ने कहा कि हजारों साल पुरानी हिंदू सभ्यता और उसके दर्शन की महानता उसकी व्यापकता में है। उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय के कई लोग उनके पास आते हैं। इनमें कुछ मूर्ति पूजा करते हैं, जबकि कुछ मूर्ति पूजा नहीं करते। इसके बावजूद सभी खुद को हिंदू मानते हैं, क्योंकि उनका जन्म हिंदू परिवारों में हुआ है। उन्होंने कहा कि आस्था को इस तरह सीमित करना ठीक नहीं है।