राष्ट्रीय

धर्मान्तरण रोकने के लिए कर्नाटक सरकार ला सकती है विधेयक

कर्नाटक के विधायक गोलिहट्टी शेखर ने आरोप लगाया कि चित्रदुर्गा जिले में उनके विधानसभा क्षेत्र में एससी/ एसटी से जुड़े लगभग 15 हजार से अधिक लोगों का धर्मान्तरण किया जा चुका है।
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2021, 10:16 AM IST
karnataka_assembly.jpg

नई दिल्ली। कर्नाटक सरकार राज्य में अवैध तथा जबरन धर्मान्तरण को रोकने के लिए एक विधेयक का मसौदा तैयार कर रही है। राज्य के गृहमंत्री अराना ज्ञानेन्द्र ने विधानसभा में यह जानकारी दी। वह विधानसभा में विधायकों द्वारा पूछे जा रहे एक प्रश्न के उत्तर में बोल रहे थे जिसमें विधायकों ने सरकार से उत्तर प्रदेश सरकार के समान ही अवैध धर्मान्तरण रोकने के लिए एक विधेयक लाने की मांग की थी।

भाजपा विधायक गोलिहट्टी शेखर ने अपना प्रश्न रखते हुए कहा कि उनकी माता को जबरन ईसाई बना दिया गया है। उनका जबरदस्त तरीके से ब्रेन वॉश किया गया है, उन्होंने घर से सभी हिंदू देवी-देवताओं की फोटो हटा दी है तथा मैं अपने घर में ही हिंदू देवताओं की पूजा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि यदि मैं अपने घर में पूजा करना चाहता हूं तो वह आत्महत्या की धमकी देती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चित्रदुर्गा जिले में उनके विधानसभा क्षेत्र में एससी/ एसटी से जुड़े लगभग 15 हजार से अधिक लोगों का धर्मान्तरण किया जा चुका है। शेखर ने कहा कि चर्च और मिशनरी न केवल एसटी और एसटी वरन मुस्लिम तथा ओबीसी वर्ग के लोगों का भी एक सिस्टेमैटिक तरीके से धर्मान्तरण कर रही हैं।

जेडीएस के विधायक देवानंद ने कहा कि विजयपुरा जिला में बंजारा समुदाय के लगभग साढ़े तीन लाख लोगों को ईसाई बना दिया गया है। ऐसे में हमें उत्तरप्रदेश की भांति एक सख्त कानून लाना चाहिए जो इस अवैध धर्मान्तरण को रोक सके। उन्होंने कहा कि इस तरह किया जाने वाला जबरन धर्मान्तरण सामाजिक सौहार्द्र के ताने-बाने को नुकसान पहुंचाता है और लोगों की एकता को खंड़ित करने का प्रयास करता है।

कई अन्य सांसदों ने भी इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए इस पर एक्शन लेने की बात कही। वहीं कांग्रेस के विधायक के.जे. जॉर्ज ने कहा कि सभी चर्च और मिशनरीज को एक समान नहीं देखना चाहिए, कुछ चर्च और मिशनरी इस तरह के काम कर रहे हैं, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जानी चाहिए।

Published on: