
Delimitation Bill: कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार और भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है कि, यह देश को बांटने के एजेंडे और संवैधानिक ढांचे से जुड़ा मुद्दा है। उन्होनें कहा कि, 'यह परिसीमन विधेयक भारत की मूल भावना के खिलाफ है, इसके पीछे कई छिपे हुए एजेंडे हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वेणुगोपाल ने परिसीमन विधेयक को 'विभाजनकारी एजेंडा' और 'संसद चोरी' बताया है। उन्होंने कहा कि जो भी संविधान का सम्मान करता है, वह इस तरह के एजेंडे का समर्थन नहीं कर सकता। इसके अलावा, उन्होंने दक्षिण, पूर्वोत्तर और छोटे राज्यों के प्रतिनिधित्व तथा दलित, आदिवासी और ओबीसी वर्ग की महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर भी पहले आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
'इंडिया' गठबंधन की आज हुई बैठक में विपक्षी दलों ने विधेयक का विरोध करने और लोकसभा की मौजूदा सीटों को अगले 25 वर्षों तक यथावत रखने की मांग उठाई है। वहीं, द्रमुक (DMK) के संभावित रुख पर वेणुगोपाल ने सवाल उठाए, जबकि द्रमुक ने तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा से जुड़ी शर्तों और बिल के विवरण को देखते हुए अपने रुख की बात कही।
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष KT रामा राव ने पोस्ट किया, परिसीमन (डिलिमिटेशन) पर हमारा रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है, दक्षिण भारत के संसदीय प्रतिनिधित्व में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। तेलंगाना के साथ कोई अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने लगातार मांग की है कि संसद में दक्षिण की मौजूदा 24% हिस्सेदारी सुरक्षित रहे।
सीटों में प्रस्तावित 50% की बढ़ोतरी, जिसमें 2051 तक राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात को न बदलने की सुरक्षा भी शामिल है, हमारी इस मुख्य चिंता का समाधान करती है। साथ ही, इससे तेलंगाना की लोकसभा सीटों की संख्या 17 से बढ़कर 26 हो जाएगी। तेलंगाना के हितों को सर्वोपरि रखते हुए, हमारे तीनों राज्यसभा सांसद इस प्रस्ताव के पक्ष में वोट करेंगे। हमने हमेशा महिला आरक्षण का समर्थन किया है और हम इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) को NCP-SP का समर्थन मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए, शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि, पिछली बार उन्होंने इसी विधेयक का विरोध किया था। इस बार क्या हुआ, यह तो उनकी पार्टी ही बता सकती है, हमें नहीं पता। उन्हें अचानक ऐसा क्या बड़ा बदलाव महसूस हुआ? हमें सिर्फ आंकड़ों को नहीं देखना चाहिए। आंकड़े ऊपर से आकर्षक लग सकते हैं, लेकिन इनकी जड़ में एक ऐसी भ्रामक नीति है जो देश को बांटने और तोड़ने वाले विचारों से प्रेरित है।