Kerala Economical Crisis: 2026 केरल चुनाव में कांग्रेस से सबसे ज्यादा महिला और युवा विधायक चुने गए। इस बीच, राज्य में सरकार ने आर्थिक संकट को दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटोनी ने मंगलवार को पार्टी की 2026 केरल विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत को ऐतिहासिक बताया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के इतिहास में पहली बार इतनी ज्यादा महिला विधायक, युवा विधायक और अनुसूचित जाति के विधायक चुने गए हैं।
इस जीत ने पूरे राज्य में जश्न का माहौल बना दिया है। एंटोनी ने खास तौर पर कोंगाड सीट से जीतने वाली कांग्रेस प्रत्याशी केए थुलसी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि थुलसी ने कम्युनिस्टों का मजबूत गढ़ तोड़कर शानदार जीत दर्ज की है।
कांग्रेस कार्यकर्ता इस जीत को पार्टी के पुनरुत्थान के रूप में देख रहे हैं। रिकॉर्ड महिला और युवा प्रतिनिधित्व के साथ साथ दलित चेहरों की अच्छी संख्या ने पार्टी को नया ब्रांड दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि नई सरकार राज्य की आर्थिक चुनौतियों से कैसे निपटती है और वादों को जमीन पर कैसे उतारती है।
एंटोनी ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भले ही पूर्व वित्त मंत्री केएन बालगोपाल दावा करें कि खजाना खाली नहीं है, लेकिन हकीकत यह है कि केरल की आर्थिक हालत पूरी तरह बिगड़ी हुई है। सरकारें अट्टाप्पडी जैसे क्षेत्रों में हजारों करोड़ रुपये खर्च कर चुकी हैं, फिर भी नतीजे संतोषजनक नहीं रहे।
इसके बावजूद एंटोनी ने मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और उनकी टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि नई कैबिनेट ने पहले ही दिन कई वादों को पूरा करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। मंत्रियों के बंटवारे में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। पहले भी कई बार ऐसा हुआ है कि मंत्रिमंडल गठन में ज्यादा समय लग गया।
इसी बीच, केरल में कांग्रेस सरकार ने राज्य को आर्थिक संकट से निकालने के लिए एक व्यापक व्हाइट पेपर जारी करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया।
पूर्व कैबिनेट सचिव डॉ। केएम चंद्रशेखर को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव केआर ज्योतिलाल समन्वयक होंगे। समिति में प्रमुख अर्थशास्त्री डॉ. नारायणन और सीडीएस निदेशक डॉ. वीरमणि जैसे विशेषज्ञ शामिल हैं।