राष्ट्रीय

ED अधिकारियों पर हमले के मामले में एक्शन, केरल सरकार बोली- दोषियों को नहीं बख्शेंगे, स्पेशल प्रॉसिक्यूटर होगा नियुक्त

ED Attack Case: केरल में ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में सरकार सख्त हो गई है। केरल के होम मिनिस्टर रमेश चेन्निथला ने कहा सरकार जल्द स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करेगी।
2 min read
Jun 28, 2026
kerala-ed-attack-case
केरल में ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में सरकार सख्त (इमेज सोर्स: ANI)

Pinarayi Vijayan ED Raid Kerala Update: केरल में एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट यानी की ईडी के अधिकारियों पर कथित हमले के मामले नया अपडेट सामने आया है। राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ANI के मुताबिक, सरकार ने विशेष कदम उठाते हुए एक स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने का फैसला किया है। यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है, जब मामले के एक आरोपी को जमानत मिलने के बाद सरकारी वकील की भूमिका पर सवाल खड़े हुए। अब सरकार पूरे मामले की दोबारा समीक्षा कर रही है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

आरोपी को जमानत मिलने के बाद सरकार ने लिया बड़ा फैसला

केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि ED अधिकारियों पर हमला बेहद गंभीर मामला है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही इस केस के लिए एक स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करेगी। इसके लिए नोटिफिकेशन भी जारी किया जा रहा है। नया सरकारी वकील अगले ही दिन अदालत में सरकार का पक्ष रखेगा।

केरल के गृह मंत्री ने यह भी कहा कि मौजूदा पब्लिक प्रॉसिक्यूटर की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोप है कि उन्होंने पुलिस की रिपोर्ट के विपरीत अदालत में बहस की और इससे एक आरोपी को जमानत मिलने में मदद मिली। सरकार इस मामले में डायरेक्टर जनरल ऑफ प्रॉसिक्यूशन और एडवोकेट जनरल की सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 28 मई की उस घटना से जुड़ा है, जब ED की टीम कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही थी। इसी सिलसिले में एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर समेत कई जगहों पर छापेमारी की थी।

छापेमारी के बाद लौट रही ED टीम पर कथित तौर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। अधिकारियों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस के अनुसार, हमले में CPI(M) के कुछ समर्थकों की भूमिका सामने आई है। इस मामले में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और अन्य संदिग्धों की पहचान भी की जा चुकी है। केरल के पुलिस महानिदेशक ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
28 Jun 2026 07:17 pm