राष्ट्रीय

वंदे मातरम् पूरा होने से पहले बैठ गए केरल के स्वास्थ्य मंत्री, कलेक्टर और विधायक; वीडियो वायरल होने पर विवाद

केरल के कासरगोड में सरकारी कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् पूरा होने से पहले स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन और कुछ अन्य नेता बैठ गए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। केंद्र के पूरे वंदे मातरम् के गायन संबंधी निर्देश को लेकर भी बहस तेज हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 3:15 PM IST
Vande Mataram Controversy
केरल में वंदे मातरम् के गायन के समय बैठ गए स्वास्थ्य मंत्री मुरलीधरन (Photo-IANS)

Vande Mataram Controversy: केरल में वंदे मातरम् के गायन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत वंदे मातरम् पूरा होने से पहले ही अपनी कुर्सी पर बैठ गए। इस दौरान मंत्री के साथ कलेक्टर और कुछ अन्य नेता भी बैठ गए, जबकि कई राष्ट्रगीत समाप्त होने तक खड़े रहे। अब इस घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया है। 

दरअसल, पूरा ममला केरल के उत्तरी जिले कासरगोड में मुल्लेरिया फैमिली हेल्थ सेंटर में एक प्रयोगशाला के उद्घाटन समारोह बताया जा रहा है। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन हो रहा था। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन मंच पर अपनी सीट पर बैठ गए। उनके साथ मौजूद कुछ अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी बैठ गए।

मंत्री के साथ जिला कलेक्टर और विधायक भी बैठे

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कासरगोड के कलेक्टर, सांसद राजमोहन उन्नीथन और विधायक के. महिन भी मंत्री के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन लोगों ने वंदे मातरम् के शुरुआती दो अंतरों के बाद बैठने की कोशिश की, लेकिन गायन जारी रहने के कारण बाद में अपनी सीट पर बैठ गए।

वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि राष्ट्रगीत के गायन के दौरान मंत्री अपने आसपास बैठे लोगों से बातचीत कर रहे थे। वहीं, विधायक के. नीलकंदन और जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) के अध्यक्ष पी.के. फैसल राष्ट्रगीत पूरा होने तक खड़े रहे।

वंदे मातरम् के पूरे संस्करण को लेकर पहले से विवाद

बता दें कि यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब केंद्र सरकार के उस निर्देश को लेकर राजनीतिक बहस चल रही है, जिसमें आधिकारिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाने की बात कही गई है।

कांग्रेस का रुख रहा है कि राष्ट्रगीत के शुरुआती दो अंतरों का गायन पर्याप्त है। केरल के स्वास्थ्य मंत्री मुरलीधरन भी पहले कह चुके हैं कि राज्य के सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल पहले दो अंतरे ही गाए जाएंगे, पूरा संस्करण नहीं।

सोनिया गांधी पर भी लगा था आपत्ति जताने का आरोप

इससे पहले नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण के गायन को लेकर विवाद सामने आया था। भाजपा ने इस मामले में सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की थी और राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी थी।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया था कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सोनिया गांधी ने वंदे मातरम् के पूरे संस्करण के गायन पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि इस घटना से राज्य के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। 

Updated on:
10 Nov 2026, 3:15 PM IST
Published on: