राष्ट्रीय

Kerala Local Body Bypoll Result: केरल उपचुनाव में UDF की 3 सीटें घटीं, LDF ने बढ़ाया आंकड़ा, 38 वार्डों का रिजल्ट जारी

Kerala Local Body Election: केरल के 38 स्थानीय निकाय वार्डों के उपचुनाव में UDF ने 19 और LDF ने 18 सीटें जीतीं। Twenty20 को एक सीट मिली।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Kerala Local Body Bypoll Result
केरल स्थानीय निकाय उपचुनाव परिणाम(फोटो-ANI)

Kerala News: केरल के 38 स्थानीय निकाय वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि LDF को 18 सीटें मिली है। एक सीट Twenty20 के खाते में गई। ये उपचुनाव 12 जिलों के अलग-अलग स्थानीय निकाय वार्डों में हुए थे। इन उपचुनावों को मई 2026 में यूडीएफ सरकार के सत्ता में आने के बाद उसका पहला स्थानीय चुनावी परीक्षण माना जा रहा था। 28 सितंबर को 38 वार्डों में मतदान हुआ था, जिसमें कुल मतदान करीब 58.81 फीसदी रहा।

पहले क्या था 38 वार्डों का समीकरण?

उपचुनाव से पहले इन 38 सीटों में UDF के पास 22, LDF के पास 15 और NDA के पास एक सीट थी। चुनाव के बाद UDF की सीटें घटकर 19 रह गईं, जबकि LDF की संख्या बढ़कर 18 हो गई। इस तरह LDF ने अपने पुराने आंकड़े से तीन सीटें ज्यादा हासिल कीं, जबकि UDF को तीन सीटों का नुकसान हुआ।

LDF ने UDF की कई सीटों पर दर्ज की जीत

उपचुनाव के दौरान LDF ने UDF की सात सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि UDF ने LDF की चार सीटें अपने कब्जे में कीं। नतीजों में कुछ वार्डों का फैसला बेहद करीबी रहा और कुछ जगहों पर परिणाम लॉटरी के जरिए भी तय हुआ। इन नतीजों में एक सीट Twenty20 ने जीती। पार्टी को केरल में स्थानीय स्तर पर सक्रिय राजनीतिक संगठन के तौर पर देखा जाता है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, उसने अपनी सीट बरकरार रखी।

38 वार्डों में हुआ था मतदान

28 सितंबर को केरल के 12 जिलों में 38 स्थानीय निकाय वार्डों के लिए उपचुनाव कराया गया था। इनमें दो कॉरपोरेशन वार्ड, तीन नगरपालिका वार्ड, तीन जिला पंचायत वार्ड, सात ब्लॉक पंचायत वार्ड और 23 ग्राम पंचायत वार्ड शामिल थे। कुल 126 उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, मतदान के दौरान कुल 1,82,160 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें 98,090 महिलाएं और 84,070 पुरुष शामिल थे। केरल के 12 जिलों के 38 स्थानीय निकाय वार्डों में हुए उपचुनाव को कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के लिए अहम चुनावी परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

Updated on:
29 Sept 2026 03:10 pm
Published on:
29 Sept 2026 02:57 pm