राष्ट्रीय

‘खाई से निकाला तो बंधा हुआ था केतन का मुंह’, अग्रवाल परिवार बोला- सिया की इन बातों ने पहले ही दिन बढ़ा दिया था शक

Ketan Murder Case: केतन अग्रवाल हत्याकांड में परिवार ने घटना वाले दिन की पूरी कहानी बताई है। जानिए आखिर क्यों पहले ही दिन गहरा गया था शक।
3 min read
Jun 27, 2026
Ketan Agarwal Murder Case, Siya Goyal, Pune Lohagad Murder, Ketan Murder Case, Pune Murder News, Chetan Chaudhary, Ketan Agarwal Latest News, Siya Goyal Latest Update, Lohagad Fort Murder, Vishal Agarwal, Sunil Gaikwad,
केतन अग्रवाल और सिया गोयल। (Photo: Social Media | Enhanced by ChatGPT)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस बीच अब केतन के परिवार ने घटना वाले दिन की पूरी कहानी साझा करते हुए दावा किया है कि उन्हें उसी दिन मंगेतर सिया गोयल पर शक हो गया था। परिवार का कहना है कि सिया का व्यवहार, सवालों पर उसकी चुप्पी और बाद की कुछ घटनाओं ने उनके मन में कई सवाल खड़े कर दिए थे।

'केतन अभी जिंदा है…' सुनते ही बदल गए थे सिया के हावभाव

केतन के पिता विशाल अग्रवाल के मुताबिक, 18 जून को लोहगढ़ किले पर घटना के बाद मौके पर मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी ने कहा था कि 'केतन अभी जिंदा है, उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए।' उनका दावा है कि यह सुनते ही सिया के हावभाव अचानक बदल गए। इसके बाद परिवार ने उससे कई सवाल पूछे लेकिन उसने किसी का भी जवाब नहीं दिया। विशाल अग्रवाल ने बताया कि उसी समय उन्हें पहली बार सिया के व्यवहार पर संदेह हुआ।

खाई से निकाला तो बंधा हुआ था केतन का मुंह

विशाल अग्रवाल ने दावा किया कि 18 जून को उन्हें सिया की मां का फोन आया था, जिसमें बताया गया कि केतन लोहगढ़ किले से गिर गया है। परिवार जब मौके पर पहुंचा तब तक केतन को खाई से बाहर निकाला जा चुका था। परिवार के मुताबिक, उस समय केतन का मुंह बंधा हुआ था। चेहरा खुलवाने के बाद ही उन्होंने उसकी पहचान की। परिवार का कहना है कि यह दृश्य देखकर वे पूरी तरह स्तब्ध रह गए थे।

बहन के सवालों पर भी चुप रही सिया

परिवार का दावा है कि मौके पर केतन की बहन ने सिया से पूछा कि वह कहां बैठी थी, केतन कैसे गिरा और वह किले के उस किनारे तक कैसे पहुंचा। लेकिन सिया ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। परिजनों का यह भी दावा है कि उस समय सिया का रोना उन्हें बनावटी लगा जिससे उनका शक और गहरा हो गया।

सवालों के बीच सिया को वहां से ले गईं बुआ

परिवार के अनुसार, अगले दिन जब सिया उनके घर पहुंची तो उससे फिर पूछा गया कि आखिर केतन का कौन सा पैर फिसला था। लेकिन इस बार भी उसने कोई जवाब नहीं दिया। विशाल अग्रवाल के मुताबिक, सवाल-जवाब के दौरान शादी तय कराने वाली सिया की बुआ ने उसे 'तू चल-चल' कहते हुए वहां से ले गईं। परिवार का दावा है कि इसके बाद उनका संदेह और बढ़ गया।

रेस्क्यू करने वाले शख्स का दावा- सिया शांत खड़ी थी, बाकी लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे

इस बीच मामले में एक और दावा सामने आया है। केतन अग्रवाल के शव को खाई से बाहर निकालने वाले सुनील गायकवाड़ ने कहा कि जब वह मौके पर पहुंचे तो केतन के सिर पर गंभीर चोटें थीं। उनके मुताबिक, खोपड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी और हाथ-पैरों पर भी कई चोटों के निशान थे।

सुनील गायकवाड़ का दावा है कि उस दौरान आसपास मौजूद लोग घबराए हुए थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे लेकिन सिया गोयल शांत खड़ी थी। उन्होंने बताया कि शव को जंगल के रास्ते बाहर लाया गया। उनके अनुसार, 18 जून की सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। बचाव अभियान दोपहर करीब 12:30 बजे तक चला और करीब 1:30 बजे शव को एंबुलेंस तक पहुंचाया गया।

सिया के भाई से 10 घंटे पूछताछ, माता-पिता भी तलब

उधर, पुणे पुलिस ने शुक्रवार को सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, साहिल चेतन चौधरी को जानता है। पूछताछ में उसने बताया कि चेतन और सिया की दोस्ती एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। पुलिस ने अब सिया के माता-पिता को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 18 जून को सिया गोयल और उसके मंगेतर केतन अग्रवाल पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई।

पुलिस का आरोप है कि सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

इससे पहले पुलिस यह भी दावा कर चुकी है कि दोनों आरोपियों ने घटना से पहले और बाद में अपने मोबाइल फोन से चैट डिलीट किए थे। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं जहां डिलीट डेटा रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का फैसला भी लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Updated on:
27 Jun 2026 09:15 pm
Published on:
27 Jun 2026 03:09 pm
Also Read
View All
Ketan Murder Case: 17 जून की रात से 18 जून की सुबह तक क्या हुआ? पुलिस जांच में हुए अहम खुलासे

गुजरात में सहकारी आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा की हुई शुरुआत, 14 शहरों में शुरू हुई सुविधा

धाविका बनना था सपना, पिता ने बनाया हैमर थ्रो स्टार, 18 साल की अनुष्का यादव ने तोड़ा 8 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड

ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को लेकर फैली गलतफहमी पर रक्षा मंत्रालय का बयान, 6 शहीद जवानों को पहले ही दिया जा चुका था राष्ट्रीय सम्मान-मिनिस्ट्री

केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया की बढ़ी मुश्किलें, बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी की बाइक, हुडी और हेडफोन पुलिस ने किए जब्त