14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अमित शाह पर टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को विशेषाधिकार समिति का नोटिस, 28 अगस्त तक देना होगा जवाब, जानें क्या है पूरा मामला

Rahul Gandhi Notice: अमित शाह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है। उन्हें 28 अगस्त तक अपना जवाब देना होगा।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Anurag Animesh

Aug 14, 2026

Rahul Gandhi news

राहुल गांधी(फोटो-IANS)

Rahul Gandhi Amit Shah Remarks: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लोकसभा में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लोकसभा की विशेषाधिकार समिति (Privileges Committee) ने शुक्रवार को राहुल गांधी को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है। उन्हें 28 अगस्त तक अपना पक्ष रखने को कहा गया है। यह मामला लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी की ओर से अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणियों से जुड़ा है।

बीजेपी सांसदों ने की थी विशेषाधिकार हनन की शिकायत

राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के पास विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने बहस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ असंसदीय और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। बीजेपी सांसदों ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाए, लेकिन लोकसभा की कार्यवाही और प्रक्रिया से जुड़े नियम 353 के तहत आवश्यक पूर्व सूचना नहीं दी।

अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को दी थी शिकायत

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन की शिकायत सौंपी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और संसदीय नियमों का उल्लंघन किया। ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष से मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

संजय जायसवाल ने भी उठाया था मामला

इससे एक दिन पहले 29 जुलाई को बीजेपी सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने भी लोकसभा अध्यक्ष को अलग पत्र भेजकर राहुल गांधी की कथित टिप्पणियों पर संज्ञान लेने की मांग की थी। जायसवाल ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने उसी बहस के दौरान अमित शाह के खिलाफ असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने संबंधित संसदीय नियमों के तहत उचित कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया था।

अब राहुल गांधी को अपना पक्ष रखने का मौका

लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी नोटिस के बाद राहुल गांधी को अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देने का अवसर मिला है। उन्हें 28 अगस्त तक अपना जवाब दाखिल करना होगा। इसके बाद राहुल गांधी का जवाब विशेषाधिकार समिति के समक्ष शिकायतों पर विचार के दौरान रखा जाएगा। समिति आरोपों और राहुल गांधी के जवाब के आधार पर मामले में आगे की प्रक्रिया पर विचार कर सकती है।