
केतन अग्रवाल और सिया गोयल (Photo: X/IANS)
Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी जांच में दोषी पाई जाती है तो उसे भी किसी तरह की रियायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि "अगर मेरी बेटी दोषी है, तो उसे भी उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया था।" पूजा गोयल के इस बयान से साफ है कि अब उनका अपनी बेटी पर भी भरोसा नहीं रह गया है।
पूजा गोयल ने कहा कि उनका परिवार इस रिश्ते से बेहद खुश था और अग्रवाल परिवार ने भी सिया को हमेशा बेटी की तरह प्यार और सम्मान दिया। उन्होंने बताया कि दोनों परिवारों के बीच रिश्ते सामान्य थे और शादी की तैयारियां भी अच्छी तरह चल रही थीं। उनके मुताबिक, अगर सिया को इस रिश्ते से कोई परेशानी होती तो वह परिवार से खुलकर बात कर सकती थी।
पूजा गोयल ने कहा, "अगर हमें लगता कि सिया किसी दबाव में है या केतन से शादी नहीं करना चाहती है तो हम उसकी बात जरूर सुनते। हमारी जानकारी में सिया इस शादी के लिए राजी थी।" पूजा गोयल ने यह भी कहा कि उन्हें चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, सगाई के बाद सिया की बातचीत सिर्फ केतन से होती थी और उन्हें कभी इस तरह की किसी दूसरी रिश्ते की जानकारी नहीं मिली।
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि सिया ने खुद उनसे केतन से रिश्ता तय कराने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि लोहगढ़ किला घूमने जाने का प्रस्ताव भी केतन की तरफ से आया था और वह खुद कार लेकर सिया को लेने पहुंचा था। प्रवीण गोयल ने कहा कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। उन्होंने बताया कि एक बार तो केतन सुबह चार बजे ही सिया से मिलने उनके घर पहुंच गया था।
हालांकि, पुलिस जांच में अब तक सामने आए दावे परिवार के बयानों से अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया इस शादी से खुश नहीं थी। जांच में दावा किया गया है कि केतन के विग लगाने और हकलाने की वजह से उसके मन में नाराजगी थी। पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर बताया कि उसने केतन से शादी नहीं करने की बात कही थी लेकिन केतन सगाई तोड़ने के लिए तैयार नहीं था।
आईएएनएस ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया है कि 17 जून को सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने एक कैफे में मुलाकात कर हत्या की योजना बनाई थी। जांच में यह भी दावा किया गया है कि दोनों ने लोहगढ़ किले पर वह जगह पहले से चुन ली थी जहां से केतन को धक्का देना था। अगर यह योजना सफल नहीं होती तो 20 जून के बाद सड़क हादसे के जरिए हत्या करने का कथित बैकअप प्लान भी तैयार किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को सिया गोयल और उसके मंगेतर केतन अग्रवाल पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। आरोप है कि वहीं सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
इस मामले में जांच एजेंसियां लगातार नए सबूत जुटा रही हैं। वहीं, दोनों परिवारों के बयान और पुलिस जांच में सामने आ रहे दावों के बीच कई अहम सवाल अब भी जांच के दायरे में हैं।
Updated on:
26 Jun 2026 07:55 pm
Published on:
26 Jun 2026 07:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
