राष्ट्रीय

‘अगर सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी होती तो शादी पर दोबारा सोचता’, बोले सिया गोयल के पिता

केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया गोयल के पिता का बयान सामने आया है। उन्होंने शादी, सिया-चेतन के रिश्ते और पुलिस जांच को लेकर कई अहम बातें कही हैं। जानिए उन्होंने क्या कहा।
2 min read
Jul 01, 2026
Ketan Agarwal Murder Case, Siya Goyal, Siya Goyal Father, Chetan Chaudhary, Pune Murder Case, Ketan Agarwal, Pune Police,
केतन अग्रवाल और सिया गोयल। (Photo: Social Media | Enhanced by ChatGPT)

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने पहली बार पूरे मामले पर खुलकर बात की है। करीब 12 घंटे तक पुणे पुलिस की पूछताछ के बाद उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले से सिया और चेतन चौधरी के रिश्ते की जानकारी होती तो वह इस शादी पर दोबारा विचार करते। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए।

अगर पहले पता होता तो शादी पर दोबारा विचार करता

प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें सिया और चेतन के रिश्ते की एक फीसदी भी जानकारी नहीं थी। अगर पहले इस बारे में पता चलता तो वह संबंधित लोगों से बात करते और शादी के फैसले पर दोबारा सोचते। कहा कि पुलिस को भी उन्होंने यही जानकारी दी है।

27-28 गुण मिलने के बाद तय हुई थी शादी

प्रवीण गोयल ने बताया कि सगाई से पहले दोनों परिवारों ने कुंडली मिलाई थी। केतन के परिवार ने सिया की जन्म कुंडली मांगी थी। बाद में उन्होंने बताया कि 27-28 गुण मिल रहे हैं और रिश्ता ठीक है। इसके बाद ही शादी की तैयारी आगे बढ़ी। गोयल ने उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें दावा किया गया था कि दोनों परिवारों के बीच एक और रिश्ता तय करने की बात चल रही थी। उनके मुताबिक, उनके परिवार में ऐसी कोई परंपरा या चर्चा कभी नहीं हुई।

वकील और दस्तावेजों के सवाल पर क्या बोले?

शादी से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर के सवाल पर प्रवीण गोयल ने कहा कि पुलिस इसकी जांच कर रही है और वही सच्चाई सामने लाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ हस्ताक्षरों की जांच की बात उन्हें भी बताई गई है। वकील अशुतोष श्रीवास्तव को लेकर उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने कभी उन्हें अपना वकील नियुक्त किया और न ही उनसे कोई बातचीत या मुलाकात हुई। उनके मुताबिक सिया ने कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए होंगे लेकिन परिवार ने कभी उन्हें अपना वकील नहीं बनाया।

अगर बेटी दोषी है तो उसे भी सजा मिले

जब प्रवीण गोयल से पूछा गया कि अगर जांच में उनकी बेटी दोषी पाई जाती है तो वह क्या कहेंगे, उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है। अगर सिया दोषी साबित होती है तो उसे भी वही सजा मिलनी चाहिए, जो कानून में तय है।

पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले के पास खाई में गिरने से मौत हुई थी। शुरुआत में इसे हादसा बताया गया था, लेकिन जांच में पुलिस ने दावा किया कि यह पहले से रची गई हत्या की साजिश थी। पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं।

Updated on:
01 Jul 2026 10:50 pm
Published on:
01 Jul 2026 09:33 pm