
Delimitation Bill: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार द्वारा लाए जा रहे परिसीमन (Delimitation) से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए तीखा हमला बोला है।
30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले INDIA गठबंधन की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि पिछले चुनाव में भाजपा का '400 पार' का नारा विफल हो गया था, इसलिए अब सरकार लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने के जरिए '800 पार' का लक्ष्य हासिल कर हमेशा के लिए सत्ता पर कब्जा करना चाहती है।
संसद के विशेष सत्र से पहले 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक के बाद, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, सभी नेताओं ने मिलकर यह तय किया है कि मोदी सरकार जो संविधान संशोधन विधेयक ला रही है, वह लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा है। वे लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं और सत्ता पर पूरी तरह से कब्जा करना चाहते हैं। इससे पहले, चुनावों के दौरान उन्होंने '400 पार' का नारा दिया था, लेकिन वह पूरा नहीं हो सका। अब, वे सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना चाहते हैं और हमेशा के लिए सत्ता में बने रहना चाहते हैं।
परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, इसके अलावा, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के हितों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है, यह अन्याय है किसी भी राज्य में SC और ST के लिए आरक्षित सीटों की संख्या, उस राज्य में उनकी आबादी के अनुपात में होनी चाहिए। इसलिए, अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए, लेकिन प्रस्तावित संशोधन में इसका कोई प्रावधान नहीं है।
साथ ही, 2026 की जनगणना आने वाली है, फिर भी वे इस पर चुप हैं। अगर वे सीटों का बंटवारा नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर करते, तो SC/ST समुदायों को स्वाभाविक रूप से अधिक सीटें मिलतीं, जो उनकी बढ़ी हुई आबादी को दर्शातीं। इसके बजाय, उनके संशोधन की शर्तों को देखते हुए ऐसा लगता है कि वे SC/ST समुदायों को उनका हक देने से रोकना चाहते हैं, और अपने तात्कालिक हितों को साधने वाले एजेंडे को थोपना चाहते हैं।