राष्ट्रीय

‘कांग्रेस कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी बन गई’, PM मोदी की मिमिक्री पर किरेन रिजिजू का हमला

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मामले को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
2 min read
Sep 20, 2026
kiren rijiju
केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू । (Photo- ANI)

Kiren Rijiju on Rahul Gandhi : नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इंदौर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान एक कलाकार ने प्रधानमंत्री मोदी के अंदाज की नकल की। इस दौरान राहुल गांधी के हंसने का वीडियो भी सामने आया। इसको लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। रिजिजू ने कांग्रेस के एक्स पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि कांग्रेस पार्टी कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी बन गई है! वे हमेशा के लिए बाहर हैं… RIP।

रिजिजू ने एक अन्य पोस्ट को शेयर करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया, 'क्या आपको बुजुर्ग माताजी और भारत के प्रधानमंत्री का मजाक उड़ाते हुए जरा भी शर्म नहीं आती?' रिजिजू ने इस पोस्ट के जरिए कार्यक्रम में हुई मिमिक्री को लेकर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए।

मंच पर पीएम मोदी के अंदाज की मिमिक्री

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की। उन्होंने पीएम मोदी की खास हंसी, हाथों के इशारों और लोगों से मिलने-जुलने के अंदाज की नकल की।

यह कार्यक्रम छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित था और इसमें राहुल गांधी ने बेरोजगारी तथा परीक्षा में अनियमितताओं समेत छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बात की। मिमिक्री का वीडियो सामने आने के बाद यह कार्यक्रम राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।

राम कदम ने भी उठाए सवाल

महाराष्ट्र के भाजपा विधायक राम कदम ने भी कार्यक्रम में मिमिक्री किए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मिमिक्री मनोरंजन का जरिया हो सकती है, लेकिन अगर देश को आगे बढ़ाना है और छात्रों के उत्थान की बात करनी है तो नीतियों, मेहनत और अवसरों पर चर्चा जरूरी है।

कदम ने राहुल गांधी पर छात्रों और युवाओं को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में यात्रा कर अपने तर्क पेश कर रहे हैं और इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान संविधान को लेकर भी देश में भ्रम पैदा किया गया था।

राम कृपाल यादव ने भी कांग्रेस को घेरा

इससे पहले बिहार के मंत्री राम कृपाल यादव ने भी राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की आलोचना की थी। उन्होंने छात्रों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर में 'छात्रों की गूंज' सुनने वाला कोई नहीं है। राम कृपाल यादव ने कहा कि जब कांग्रेस के पास सत्ता में रहने का अवसर था, तब उसने छात्रों की चिंताओं पर ध्यान नहीं दिया। उनके अनुसार, छात्रों को अपनी आवाज उठाने के लिए जगह-जगह भटकना पड़ा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस करीब 60 वर्षों तक सत्ता में रही और छात्रों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। यादव ने बिहार से शुरू हुए छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि इसी आंदोलन के चलते बिहार और कई अन्य राज्यों के साथ देश में कांग्रेस की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी।

Updated on:
20 Sept 2026 12:56 pm
Published on:
20 Sept 2026 12:31 pm