
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके में बुधवार को लापता हुए दोनों स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव गुरुवार को जंगल से बरामद हुए। दोनों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। अपहरण और हत्या की इस वारदात में शामिल आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों के शव उस जगह से करीब 2 किलोमीटर दूर मिले, जहां से वे लापता हुए थे। दच्छन के ऊंचे पहाड़ी और जंगली इलाकों में उनकी तलाश के लिए बड़ा अभियान चलाया गया था। जांच का दायरा बढ़ाते हुए जंगलों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन और स्निफर डॉग्स से लैस विशेष टीमें तैनात की गई थीं।
दच्छन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप में तैनात बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) बुधवार को लापता हो गए थे। जानकारी के मुताबिक, दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनसे संपर्क टूट गया और बाद में उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिले।
सुरक्षा बलों ने वारदात में शामिल आतंकियों को पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। किश्तवाड़ लंबे समय से आतंकवाद विरोधी अभियानों का केंद्र रहा है, जहां लगातार चले अभियानों में कई सक्रिय आतंकवादी मारे गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में अब तक कुल 5 लोग मारे गए हैं, जिनमें चार आतंकी और एक जवान शामिल हैं।