राष्ट्रीय

SIR और पेपर लीक को लेकर कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा का सरकार पर निशाना, बोलीं- युवाओं की आवाज उठा रहे राहुल गांधी

Congress: कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने SIR के तहत मतदाता सूची में नामों से जुड़ी गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि व्यवस्थागत खामियों का खामियाजा आम लोगों और छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
2 min read
Senior Congress leader Kumari Selja
कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने पेपर लीक और SIR को लेकर सरकार पर साधा निशाना (Photo-IANS)

Congress on SIR: कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने एसआईआर और पेपर लीक को लेकर सरकार पर हमला बोला है। शैलजा ने SIR के तहत वोटर लिस्ट में नामों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में मतदाता सूचियों से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं और इतने बड़े स्तर पर लोगों के नाम प्रभावित होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

कांग्रेस सांसद शैलजा ने कहा कि कई बार जाने-माने लोगों के परिवारों के सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची से हट जाते हैं। ऐसे में सरकार को यह बताना चाहिए कि चुनावी व्यवस्था की इन कमियों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। 

लोगों को ठहराया जा रहा जिम्मेदार- शैलजा

उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था की खामियों की पहचान करने के बजाय लोगों को ही जिम्मेदार ठहराया जा रहा है और उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शैलजा के मुताबिक, इससे खासकर वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ता है।

पेपर लीक को लेकर भी सरकार पर हमला

कुमारी शैलजा ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है और उनके माता-पिता को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने इसे समाज और सरकार, दोनों के लिए चिंता का विषय बताया। शैलजा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी युवाओं की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ के माध्यम से देशभर के छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?

राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बार-बार देश की जनता को कई सपने दिखाए, लेकिन उन सपनों में से कोई भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने पैसे और रणनीति का इस्तेमाल करके हर राज्य में सत्ता हथियाने की कोशिश की और ईवीएम के आधार पर कई राज्यों तथा केंद्र में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनाई।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें वोट दिया था, वही जनता अब उनके खिलाफ आवाज़ उठा रही है। उनके साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है, गिरफ्तारियाँ की जा रही हैं। वे अपनी बात खुलकर कह पाने में असमर्थ हैं। सत्ता का इस तरह दुरुपयोग बिल्कुल भी नहीं होने दिया जाना चाहिए। राहुल गांधी छात्रों से आह्वान कर रहे हैं कि वे जागें और निडर बनें।

Updated on:
20 Sept 2026 04:19 pm
Published on:
20 Sept 2026 03:51 pm