राष्ट्रीय

हुगली में कुणाल घोष की कार पर हमला! ममता बनर्जी की रैली में जाते समय दिखाए काले झंडे, गाड़ी पर फेंके अंडे

Kunal Ghosh: पश्चिम बंगाल के हुगली में TMC विधायक कुणाल घोष की कार पर हमला हुआ। जब वे सेरामपुर में ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रहे थे, तो उत्तरपाड़ा इलाके में उनकी गाड़ी को घेर लिया गया, काले झंडे दिखाए गए और कार पर अंडे फेंके गए।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Kunal Ghosh Car Attack
कुणाल घोष की गाड़ी पर हमला (फोटो- IANS)

Attack on Kunal Ghosh: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मुख्य प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता कुणाल घोष की कार पर हमले की खबर आई है। यह घटना शनिवार को तब हुई जब घोष श्रीरामपुर में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रहे थे। उत्तरपाड़ा इलाके के पास उपद्रवियों ने उनकी कार को घेर लिया, काले झंडे दिखाए और गाड़ी पर अंडे फेंके। हमले में कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया, लेकिन कुणाल घोष को कोई चोट नहीं आई।

उत्तरपाड़ा में काफिले को घेरा और कार का शीशा तोड़ा

TMC नेता कुणाल घोष के ऑफिस ने इस घटना का एक वीडियो जारी किया है। बताया जा रहा है कि जैसे ही कुणाल घोष की गाड़ी उत्तरपाड़ा पहुंची, कुछ अज्ञात लोगों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने 'वापस जाओ' के नारे लगाते हुए काले झंडे दिखाए और गाड़ी पर अंडे और पत्थर फेंकने लगे। हमला इतना जबरदस्त था कि गाड़ी की पिछली खिड़की का शीशा टूट गया। इस अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी बाधित रहा।

हमलावर कौन थे, अभी स्पष्ट नहीं

अभी यह साफ नहीं है कि कुणाल घोष की कार को किसने घेरा और उस पर अंडे फेंके। इस हमले के पीछे किस संगठन या राजनीतिक समूह का हाथ था, इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस की कार्रवाई या हमलावरों की पहचान के बारे में विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

कुणाल घोष पर पहले भी अंडे से हो चुका है हमला

कुणाल घोष को पहले भी अंडे फेंककर निशाना बनाया जा चुका है। इससे पहले जून 2026 में जब वह कोलकाता में ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर मीडिया से बात कर रहे थे, तो एक व्यक्ति ने उन पर अंडा फेंका था। उस वक्त अंडा उनके सिर पर लगा था और कुणाल घोष ने इस घटना को पहले से रची गई साजिश बताया था।

Updated on:
26 Sept 2026 03:20 pm
Published on:
26 Sept 2026 02:53 pm