
Kunal Shah WhatsApp CEO: भारतीय फिनटेक कंपनी क्रेड के संस्थापक कुणाल शाह अब दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप की कमान संभालेंगे। मेटा ने घोषणा की है कि कुणाल शाह व्हाट्सएप के नए ग्लोबल सीईओ होंगे। वह मौजूदा प्रमुख विल कैथकार्ट की जगह लेंगे जो सात साल तक इस पद पर रहने के बाद मेटा में नई भूमिका देखेंगे।
इस बड़े बदलाव के साथ मेटा ने क्रेड में करीब 900 मिलियन डॉलर (लगभग 8,550 करोड़ रुपये) के निवेश का भी ऐलान किया है। इस निवेश के बाद क्रेड की वैल्यूएशन 4.5 अरब डॉलर तक पहुंच गई है।
कुणाल शाह के मेटा में जाने के बाद क्रेड की कमान मितेन संपत संभालेंगे, जो कंपनी में शाह के बाद दूसरे सबसे बड़े अधिकारी हैं। कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी।
कुणाल शाह ने कहा कि, 2018 में क्रेड की शुरुआत इस सोच के साथ की थी कि अच्छे क्रेडिट रिकॉर्ड वाले लोगों को विशेष लाभ मिलना चाहिए। कुछ ही सालों में क्रेड ने लाखों ग्राहकों का भरोसा जीता है, मजबूत ब्रांड बनाया और प्रॉफिटेबल बिजनेस खड़ा किया।
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कुणाल शाह का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने क्रेड को भारत की सबसे महत्वपूर्ण टेक कंपनियों में से एक बनाया है। जुकरबर्ग के मुताबिक, कुणाल में एक सफल उद्यमी की सोच और वैश्विक नजरिया है जो व्हाट्सएप जैसे बड़े प्लेटफॉर्म का नेतृत्व करने में मदद करेगा।
उन्होंने विल कैथकार्ट के योगदान की भी सराहना की और कहा कि उनकी अगुवाई में व्हाट्सएप 3 अरब से ज्यादा लोगों तक पहुंचा है। अब वह मेटा में नए प्रोडक्ट के विकास पर काम करेंगे।
कुणाल शाह भारतीय स्टार्टअप जगत के सबसे चर्चित नामों में से एक हैं। क्रेड शुरू करने से पहले उन्होंने डिजिटल पेमेंट और मोबाइल रिचार्ज प्लेटफॉर्म फ्रीचार्ज की स्थापना की थी। बाद में उन्होंने इस कंपनी को बेच दिया था।
इसके अलावा उन्होंने सैकड़ों शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स में निवेश भी किया है। इसी वजह से उन्हें भारत के सबसे सक्रिय एंजेल निवेशकों में गिना जाता है।
क्रेड की शुरुआत 2018 में हुई थी। कंपनी अब तक टाइगर ग्लोबल, रिबिट कैपिटल, पीक एक्सवी पार्टनर्स, डीएसटी ग्लोबल और ग्रीनओक्स कैपिटल जैसे बड़े निवेशकों से करीब 1 अरब डॉलर का निवेश जुटा चुकी है।
कंपनी के मुताबिक, करीब 1.7 करोड़ लोग क्रेड की सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी की कमान संभालने जा रहे मितेन संपत ने कहा कि क्रेड अब अपने विकास के अगले चरण में प्रवेश करने के लिए तैयार है और आने वाले समय में इसे और बड़ा बनाने पर काम किया जाएगा।
वहीं, मेटा में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कुणाल शाह अब भारतीय स्टार्टअप जगत से निकलकर वैश्विक टेक दुनिया में बड़ी भूमिका निभाने जा रहे हैं। व्हाट्सएप जैसे दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का नेतृत्व करना उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है।