राष्ट्रीय

Live Blog : Monsoon Session: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मानसून सत्र के लिए 20 जुलाई को बुलाई राज्यसभा की बैठक

आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट हिंदी भाषा में जानने के लिए लॉग-इन करें पत्रिका.कॉम। अपनी मातृभाषा हिंदी में खबरों की अपडेट्स के लिए बने रहें Patrika.Com के साथ -
4 min read
• •
Updated: 2 Jul 2023, 3:20 PM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मानसून सत्र के लिए 20 जुलाई को बुलाई राज्यसभा की बैठक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मानसून सत्र के लिए 20 जुलाई को बुलाई राज्यसभा की बैठक

July 2, 2023 03:15PM

Monsoon Session: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मानसून सत्र के लिए 20 जुलाई को बुलाई राज्यसभा की बैठक

संसद का आगामी मानसून सत्र जोरदार रहने की संभावना है। इस मानसून सत्र राज्यसभा की बैठक 20 जुलाई से 11 अगस्त तक होगी। उच्च सदन सचिवालय ने इसकी जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संसद के मानसून सत्र के लिए 20 जुलाई से राज्य सभा की बैठक बुलाई है। निर्धारित कामकाज को देखते हुए मानसून सत्र 11 अगस्त को समाप्त होगा। इस बारे में कल संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने घोषणा की थी कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 11 अगस्त तक चलेगा। जोशी ने कल ट्वीट कर कहा- मैं सभी पार्टियों से सत्र के दौरान संसद के विधायी और अन्य कामकाज में रचनात्मक योगदान देने की अपील करता हूं।

July 2, 2023, 03:05PM

मुख्तार अंसारी पर खर्च किए पैसे पूर्व सीएम और मंत्री से वसूलेगी पंजाब सरकार

उत्तर प्रदेश के कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी को लेकर पंजाब सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्तार अंसारी को वकील देने के मामले में खर्च हुई राशि भगवंत मान सरकार पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर और पूर्व जेल मंत्री सुखजिंदर रंधावा से वसूलेगी।

मिली जानकारी के अनुसार मुख्तार अंसारी के वकीलों की फीस के 55 लाख रुपए खर्च किए गए थे। जो अब पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह और पूर्व जेल मंत्री सुखजिंदर रंधावा से वसूले जाएंगे। भुगतान न करने की स्थित में उनकी पेंशन से पैसा काटा जाएगा।


July 2, 2023, 11:58 AM

बसपा UCC के समर्थन में, मायावती ने खोले पत्ते

समान नागरिक संहिता (UCC) पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। रविवार को बसपा सुप्रीमो मायावती ने यूसीसी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी बसपा समान नागरिक संहिता के साथ है। लेकिन इसे लागू करने के तरीके से हम सहमत नहीं है।

लखनऊ में आयोजित एक पीसी में बसपा सुप्रीमो ने कहा कि संविधान की धारा 44 में UCC बनाने का प्रयास तो वर्णित हैं मगर इसे थोपने का नहीं है। इसलिए इन सभी बातों को ध्यान में रखकर ही भाजपा को देश में UCC को लागू करने के लिए कोई कदम उठाना चाहिए था। हमारी पार्टी UCC को लागू करने के खिलाफ नहीं है बल्कि भाजपा और इनकी सरकार द्वारा इसे देश में लागू करने के तरीके से सहमत नहीं है।



July 2, 2023, 11:44 AM

बिहार: दरभंगा में NIA की रेड, ATS भी मौजूद

बिहार में आतंकी साजिश के एक मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की रेड जारी है। यह रेड शनिवार की रात से ही शुरू हुई। राजधानी पटना से दरभंगा तक छापेमारी हो रही है। इस रेड के दौरान एनआईए के साथ एटीएस की टीम भी मौजूद है। छापेमारी के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की सूचना भी सामने आई है।

मिली जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी फुलवारीशरीफ आतंकी साजिश मामले में यह छापेमारी हो रही है। एनआईए की रेड की बात फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। दरभंगा में एक युवक को NIA की टीम ने हिरासत में ले लिया। वहीं पटना में एक किताब दुकान पर टीम ने रेड डाली गई है। अभी यह एक्शन जारी ही है। आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है।


July 2, 2023, 9:26 AM

फ्लाईओवर से सीधे रेलवे ट्रैक पर गिरी तेज रफ्तार कार, पांच लोग जख्मी

शनिवार को महाराष्ट्र के बुलढ़ाना से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई थी। मुंबई जा रही एक एसी बस के पलटने से उसमें आग लग गई। जिसमें 28 यात्रियों की मौत हो गई थी। रविवार सुबह महाराष्ट्र के नागपुर से एक और हादसे की खबर सामने आई है।

नागपुर में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फ्लाई ओवर से सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी। ऊंचाई से गिरने पर कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कार में सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बारे में बुटीबीरी पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह करीब 7.30 बजे नागपुर के बोरखेड़ी फ्लाईओवर से एक तेज रफ्तार कार रेलवे ट्रैक पर गिर गई. हादसे में कार सवार 5 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


July 2, 2023, 9:26 AM

असम पुलिस ने 11 करोड़ रुपए की हेराइन की जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार


असम पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) और कामरूप जिला पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में लगभग 11 करोड़ रुपए हेरोइन बरामद की है। कार्रवाई की जानकारी देते हुए एसटीएफ के DIG पार्थ सारथी महंत ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कामरूप जिला पुलिस ने शनिवार देर रात (1 जुलाई) एक अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान एक वाहन से 700 ग्राम हेरोइन बरामद की और तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त की गई दवाओं की बाजार कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी गई है। आगे की जांच जारी है।

July 2, 2023, 8:40 AM

दिल्ली: भजनपुरा में दरगाह और मंदिर हटाने की कार्रवाई

राजधानी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में सुबह-सुबह अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। यहां एक दरगाह और मंदिर सड़क पर थी, जिस कारण रोज लंबा जाम लगता था। इसे हटाने की मांग काफी पहले से की जा रही थी। जिसके बाद रविवार सुबह-सुबह पीडब्ल्यूडी की टीम भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और दोंनो को हटाने का काम शुरू किया।

पहले दरगाह हटाई गई। अब मंदिर हटाने की तैयारी जारी है। बताया जाता है कि दरगाह करीब तीन दशक पुरानी थी। शांति बनाए रखने के लिए इलाके में दिल्ली पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को मौके पर तैनात कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

पीडब्लूडी के आदेश के अनुसार दिल्ली में उन धार्मिक स्थलों को हटाया जा रहा है जो गैर कानूनी तरीके से बनाए गए हैं। या फिर धार्मिक संगठनों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इस मौके पर कार्रवाई का लोगों ने विरोध किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने उन्हें अपने नियंत्रण में लेकर कार्रवाई को जारी रखा।

कार्रवाई के बारे में DCP नॉर्थ ईस्ट जॉय एन तिर्की ने बताया कि भजनपुरा चौक पर एक हनुमान मंदिर और सड़क के दूसरी तरफ एक मजार था। दिल्ली की धार्मिक समिति ने फैसला लिया था कि इन दोनों को हटाया जाएगा क्योंकि सड़क चौड़ा होना है। यहां के स्थानीय नेताओं ने प्रशासन से कुछ समय की मांग की थी। आज हमने सभी के साथ बातचीत कर दोनों स्ट्रक्चर को हटाया है। इसमें सभी का सहयोग मिला।

Updated on:
2 Jul 2023, 3:20 PM IST
Published on: