आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट हिंदी भाषा में जानने के लिए लॉग-इन करें पत्रिका.कॉम। अपनी मातृभाषा हिंदी में खबरों की अपडेट्स के लिए बने रहें Patrika.Com के साथ
28 July 2023, 10:00 PM
तमिलनाडु: अमित शाह ने 'एन मन, एन मक्कल' यात्रा को दिखाई हरी झंडी
तमिलनाडु। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के.अन्नामलाई के साथ 'एन मन, एन मक्कल' यात्रा को रामेश्वरम से हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह यात्रा तमिलनाडु को परिवारवाद से मुक्त करने की यात्रा है। यह यात्रा तमिलनाडु को विकास पर वापस लाने की यात्रा है। हमारा यह संदेश हमारे तमिलनाडु के सभी कार्यकर्ता गांव-गांव तक ले जाने का काम करेंगे। इस दौरान कांग्रेस और डीएमके पर बरसे। अमित शाह ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन को बताना चाहता हूं कि नाम बदलने से कुछ नहीं होता। आप जैसे ही जनता के बीच जाते हैं, लोगों को कॉमनवेल्थ घोटाला, 2जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, कोयला घोटाला याद आता है।
28 July 2023, 7:50 PM
गो फर्स्ट एयरलाइंस ने अब 30 जुलाई तक रद्द की अपनी सभी उड़ानें
आर्थिक रूप से जूझ रही Go First एयरलाइन ने फिर से परिचालन कारणों का हवाला देते हुए अपनी उड़ान निलंबन को 30 जुलाई, 2023 तक बढ़ा दिया है। कंपनी ने हर बार की तरफ फिर से यात्रियों से खेद प्रकट किया है। आपको बता दें कि 3 मई, 2023 से गो फर्स्ट ने अपने सभी उड़ानों को रद्द करने का ऐलान किया था जो अब तक जारी है।
28 July 2023, 5:00 PM
गोपालगंज : 11 हजार केवीए तार की चपेट में आया मोहर्रम का जुलूस, 11 झुलसे
बिहार के गोपालगंज जिले में मुहर्रम के एक दिन पहले बड़ा हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के हरपुर पूरब टोला से धर्मचक गांव जाने वाले पथ पर हरपुर सफी टोला पुल पर मुहर्रम पर्व के चौका मिलान के क्रम में हाईटेंशन वायर की चपेट में आने से 11 लोग झुलस गए। सभी को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
28 July 2023, 4:00 PM
DGCA ने IndiGo एयरलाइंस पर लगाया 30 लाख रुपए का जुर्माना, जानिए वजह
विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) ने घरेलू कंपनी इंडिगो एयरलाइंस पर 30 लाख रुपए का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही एयरलाइंस को डीजीसीए की आवश्यकताओं और ओईएम दिशानिर्देशों के अनुरूप अपने दस्तावेजों और प्रक्रियाओं में संशोधन करने का भी निर्देश दिया गया है।
28 July 2023 1:40PM
दिल्ली में डेंगू का अलर्ट, तेजी से बढ़ रहे मरीज, बैठक कर रहे हैं CM अरविंद केजरीवाल
दिल्ली में भारी बारिश के कारण हुए जल जमाव और आई बाढ़ के बाद अब डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक अहम बैठक कर रहे हैं। यह बैठक दिल्ली सचिवालय में हो रही है। बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज, दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय और वरिष्ठ नौकरशाह शामिल हैं। दिल्ली सरकार ने यह बैठक मानसून सीज में डेंगू के मरीजों में कई गुना बढ़ोतरी को देखते हुए बुलाई है। ताकि समय रहते डेंगू नियंत्रण को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा सकें और इसके प्रसार पर रोक लगे।
28 July 2023 10:57 AM
सुप्रीम कोर्ट में आज नहीं होगी मणिपुर हिंसा पर सुनवाई, सामने आई यह वजह
संसद के मानसून सत्र में मणिपुर के मुद्दे पर लगातार हंगामा जारी है। आज इस मसले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन थोड़ी देर पहले यह खबर सामने आई कि आज सुप्रीम कोर्ट में मणिपुर हिंसा मामले में सुनवाई नहीं होगी।
दरअसल मणिपुर में जातीय हिंसा के बीच जिस तरह से महिलाओं के साथ दरिंदगी हुई और उसका वीडियो सामने आया था, उस मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी थी। लेकिन अभी-अभी सामने आई जानकारी के अनुसार आज सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस की बेंच नहीं बैठेगी। इस कारण आज इस मामले में सुनवाई नहीं होगी। वहीं दूसरी ओर संसद में आज भी मणिपुर हिंसा को लेकर हंगामे के आसार है।
28 July 2023 8:53 AM
गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश से तबाही, नवसारी में स्कूल बंदी की घोषणा
बीते कई दिनों से देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना में बारिश से हाहाकार मचा है। गुरुवार रात से ही गुजरात और महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश से तबाही मची है।
गुजरात के नवसारी में कल रात से लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव देखा गया। जिला कलेक्टर अमित प्रकाश यादव ने शहर के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी का आदेश दिया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र के कई इलाकों में भी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मुंबई और आस-पास के इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। साथ ही 40 किमी की स्पीड से हवा चलने की आशंका भी जताई गई है।
आज शुक्रवार 28 जुलाई के मौसम पूर्वानुमान की करें तो मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। इसके अलावा महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल में भी बारिश के आसार है।
28 July 2023 8:43 AM
अमरनाथ यात्रा का ताजा जत्था पंथा चौक से रवाना
जम्मू-कश्मीर के अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का ताजा जत्था श्रीनगर के पंथा चौक आधार शिविर से बालटाल और पहलगाम मार्गों से पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुआ।