
MA Baby on Delimitation and Modi Government: परिसीमन, संसद के शीतकालीन सत्र और केरल की राजनीति को लेकर सीपीआई(एम) महासचिव एमए बेबी ने मोदी सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने मांग की कि जनगणना से जुड़े परिसीमन की प्रक्रिया को अगले 25 वर्षों तक रोक दिया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर भी केंद्र सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए।
CPI (M) नेता ने कहा कि आमतौर पर संसद का शीतकालीन सत्र अब तक शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं। वे न तो राजनीतिक दलों को विश्वास में ले रहे हैं और न ही संसद को किसी तरह की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने इसे बेहद आपत्तिजनक बताया।
इस दौरान उन्होंने बीजेपी छोड़कर पद्मजा वेणुगोपाल और पद्मिनी थॉमस के दूसरे राजनीतिक दलों में जाने के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। सीपीआई (एम) महासचिव ने कहा कि पद्मजा वेणुगोपाल केरल में कांग्रेस के सबसे प्रमुख नेताओं में शामिल रहे के. करुणाकरण की बेटी हैं। ऐसे में उनका कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाना दुर्भाग्यपूर्ण था। हालांकि, अब उनका कांग्रेस में लौटना अच्छी बात है।
लेकिन एमए बेबी ने इस घटनाक्रम पर सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में यह सवाल उठ सकता है कि क्या कांग्रेस और भाजपा ऐसी पार्टियां बन गई हैं, जिनके बीच आसानी से दल-बदल किया जा सकता है?
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि अधिक से अधिक लोग बीजेपी छोड़ें और किसी भी गैर-सांप्रदायिक राजनीतिक दल में शामिल हों।
केरल में विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के भीतर जारी मतभेदों पर भी एमए बेबी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान यूडीएफ नेता वीडी सतीशन 'हम टीम यूडीएफ हैं' का नारा देते थे। उन्होंने कहा कि अब वीडी सतीशन को बताना चाहिए कि उनकी उस 'टीम यूडीएफ' का क्या हुआ?