राष्ट्रीय

महाराष्ट्र में आज खुलेंगे पत्ते: देवेंद्र फडणवीस चुने जाएंगे नेता! कल शपथ ग्रहण की तैयारी

Maharashtra: महाराष्ट्र को जल्द नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। भाजपा विधायक दल की बैठक बुधवार को होगी। इसमें नए सीएम के नाम का ऐलान किया जाएगा।

less than 1 minute read
Dec 04, 2024
Devendra Fadnavis Guardian minister

Maharashtra: महाराष्ट्र को जल्द नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। भाजपा विधायक दल की बैठक बुधवार को होगी। इसमें नए सीएम के नाम का ऐलान किया जाएगा। बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी मुंबई पहुंचेंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस के नाम पर मोहर लगा दी है। उन्हें विधायक दल की बैठक में नेता चुना जाएगा। पांच दिसंबर को आजाद मैदान शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम शपथ लेंगे।

देवेंद्र तीसरी बार सीएम पद की लेंगे शपथ

फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाग लेंगे। एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा गया है। केंद्रीय मंत्रियों, राज्यपाल, साधु-महंत, कलाकारों, लेखकों को भी बुलाया गया है।

मुंबई लौटे एकनाथ ने कहा- सेहत अच्छी

शिवसेना प्रमुख और कार्यकारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को ठाणे से मुंबई के सरकारी आवास पहुंच गए। वह ठाणे से चार दिन बाद लौटे हैं। उन्होंने ठाणे में अस्पताल में रुटीन चेकअप कराया था। मुंबई लौटने के बाद उन्होंने कहा कि अब सेहत अच्छी है। सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह से पहले शिंदे के साथ महायुति के नेताओं की मुलाकात हो सकती है। इससे पहले शिवसेना विधायकों के साथ भी बैठक होगी।