राष्ट्रीय

महाराष्ट्र के तीन जिलों में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, NCS कर रहा स्थिति की निगरानी

Maharashtra Tremors: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। NCS पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
2 min read
Jul 09, 2026
Maharashtra Earthquake
प्रतीकात्मक तस्वीर

Maharashtra Earthquake: गुरुवार को महाराष्ट्र के तीन जिलों में सुबह-सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन तीन जिलों में नांदेड़, हिंगोली और परभनी शामिल हैं। झटके महसूस होने पर लोग सूझ-बूझ दिखाते हुए घर से बाहर निकल गए। हालांकि, अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली है।

हिंगोली में सबसे तेज झटका

जानकारी के अनुसार, सबसे तेज झटका हिंगोली जिले के पांगरा शिंदे गांव के पास रात करीब 1:30 बजे महसूस किया गया। इसके बाद सुबह तक कई हल्के झटके दर्ज किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.6 के करीब बताई जा रही है।

NCS कर रहा निगरानी

भूकंप के झटकों के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं। प्रशासन ने सभी से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही ध्यान दें। वहीं, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञ भूकंप की तीव्रता, उसका केंद्र और गहराई से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण कर रहे हैं, ताकि आगे की स्थिति का सही आकलन किया जा सके।

महाराष्ट्र में भारी बारिश से परेशान लोग

वहीं, महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में नदियां उफान पर हैं, जिससे जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई जगह सड़कें बंद हो गई हैं और रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। नासिक में गोदावरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और वहीं कुछ इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

बाढ़ के पानी में बहे हजारों LPG सिलेंडर

लगातार बारिश के बीच महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पातालगंगा नदी का पानी HPCL के LPG बॉटलिंग प्लांट में घुस गया। तेज बहाव के कारण करीब 3 हजार गैस सिलेंडर पानी में बह गए। इनमें भरे हुए और खाली दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से उन सिलेंडरों को घर न ले जाने की अपील की है।

Updated on:
09 Jul 2026 09:26 am
Published on:
09 Jul 2026 09:14 am