
अनंत सिंह। फोटो सोशल साइट अनंत सिंह
Anant Singh News: पटना में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक अनंत सिंह के आवास के पास संदिग्ध हालत में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक के चेहरे पर गहरे जख्म और चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति ने फोन पर पुल के नीचे शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने आगे कहा कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच के दौरान भी उसके पास से कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। पुलिस इस मामले में पटना और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है।अधिकारियों ने कहा कि मृतक की शिनाख्त करना सबसे पहली प्राथमिकता है। इसके लिए सोशल मीडिया और मीडिया और पुलिस नेटवर्क का सहारा लिया जा रहा है। यदि किसी थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से शव का मिलान होता है तो उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी।
सचिवालय इलाके में शव मिलने की वजह से पटना में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने कहा कि अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिसकर्मी घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कैसे पहुंचा और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं। इसके अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
Updated on:
09 Jul 2026 11:24 am
Published on:
09 Jul 2026 10:19 am
