Maharashtra Exit Poll: चाणक्य स्ट्रैटेजीज के एग्जिट पोल के अनुसार महायुति को 152 से 160 सीटें मिल सकती है जो कि बहुमत के आंकड़े 145 से ज्यादा है। प्रदेश में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी रह सकती है जिसे 90 सीटें मिलती हुई दिख रही है>
Maharashtra Exit Poll: महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर बुधवार को एक चरण में मतदान (Maharashtra Election 2024) संपन्न हो गया। इसके साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत अब ईवीएम में कैद हो गई है। 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होंगे। प्रदेश में किसी भी गठबंधन को सरकार बनाने के लिए 145 सीटों की आवश्यकता होगी। मतदान संपन्न होने के बाद एग्जिट पोल (Maharashtra Exit Poll) सामने आए है। एग्जिट पोल में एक बार फिर महायुति (Mahayuti) गठबंधन की सरकार बनती हुई नजर आ रही है वहीं महाविकास अघाड़ी (MVA) को झटका लगा है। चाणक्य स्ट्रैटेजीज के एग्जिट पोल (Chanakya Strategies Exit Poll) के अनुसार महायुति को 152 से 160 सीटें मिल सकती है जो कि बहुमत के आंकड़े 145 से ज्यादा है। प्रदेश में BJP सबसे बड़ी पार्टी रह सकती है जिसे 90 सीटें मिलती हुई दिख रही है, जबकि एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की शिवसेना (Shivsena) को 48 और अजीत पवार (Ajit Pawar) की एनसीपी को 22 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। अन्य को दो सीटें मिलने के आसार है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल सामने आने के बाद नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और येओला विधानसभा सीट से NCP उम्मीदवार छगन भुजबल (Chhagan Bhujbal) ने कहा जो एग्जिट पोल दिखा रहे हैं कि महायुति की सरकार आ रही है, मुझे भी पूरा विश्वास है कि महाराष्ट्र में शत-प्रतिशत महायुति की सरकार बनेगी।
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन (Shahnawaz Hussain) ने कहा महाराष्ट्र की जनता अपार बहुमत से महायुति की सरकार बना रही है और झारखंड में बदलाव हो रहा है,वहां पर बीजेपी की गठबंधन की NDA की सरकार बनने जा रही है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे (Anand Dube) ने कहा महाराष्ट्र में विधानसभा का चुनाव थोड़ी देर पहले समाप्त हो गया। सब कुछ अब EVM में बंद हो गया है। अब अलग-अलग संस्थाओं के एग्जिट पोल आने लगे हैं...हम एग्जिट पोल पर सवाल नहीं करना चाहते हैं। एग्जिट पोल पर कितना विश्वास करना है कितना नहीं ये हम जनता पर छोड़ते हैं लेकिन महाराष्ट्र में एक बात तय हो चुकी है कि महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (Maha Vikas Aghadi) की पूर्णबहुमत की सरकार आने वाली है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और नागपुर दक्षिण-पश्चिम से बीजेपी उम्मीदवार देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा मुझे ऐसा लगता है कि जब-जब वोटिंग प्रतिशत बढ़ता है तो बीजेपी को ही उसका फायदा होता है तो मैं ऐसा मानता हूं कि जो बढ़ा हुआ वोटिंग प्रतिशत है इससे बीजेपी-महायुति को फायदा होगा।
सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल (Murlidhar Mohol) ने कहा हर एजेंसी के एग्जिट पोल से पता चला है कि महाराष्ट्र ने फिर से महायुति के पक्ष में मतदान किया है। लोगों ने एक बार फिर मोदी जी पर अपना भरोसा जताया है। हमने जो काम किया है, वह लोगों के सामने है। हमने अपने संकल्प पत्र में भी बताया था कि हम आगे क्या करने जा रहे हैं, इसीलिए लोगों ने हम पर अपना भरोसा जताया है।
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर शिवसेना नेता और मुंबादेवी सीट से उम्मीदवार शाइना एन.सी. (Shaina NC) ने कहा एग्जिट पोल सिर्फ एग्जिट पोल है एक्जेक्ट पोल नहीं है आप उदाहरण के तौर पर हरियाणा और लोकसभा का चुनाव कभी भी एक्जेक्ट नहीं हुआ। मैं मानती हूं कि महायुति जरूर वापस आएगी, सभी ने देखा है कि ये सिर्फ प्रगति की सरकार है।
कांग्रेस नेता अमित देशमुख (Amit Deshmukh) ने कहा लातूर में बड़ी संख्या में लोग महा विकास अघाड़ी का समर्थन कर रहे हैं। आज भी लोगों ने बड़े उत्साह के साथ मतदान किया है और कांग्रेस का समर्थन किया है। मुझे लगता है कि हम लातूर की सभी सीटें जीतेंगे। लातूर शहर में मतदान प्रतिशत अच्छा रहा है...महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी की सरकार बनेगी।
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला (Ramesh Chennithala) ने कहा महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी सरकार बना रही है। लोग मौजूदा केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ हैं। एग्जिट पोल जमीनी स्तर पर वास्तविकता को नहीं दर्शाते। लोकसभा चुनाव में किसी ने अनुमान नहीं लगाया था कि महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी को 40 में से 31 सीटें मिलेंगी। लोगों की भावनाएं हमारे साथ हैं।