राष्ट्रीय

Gadchiroli Encounter: मारे गए नक्सलियों में 50 लाख का इनामी मिलिंद तेलतुम्बडे भी ढेर, भीमा-कोरेगांव मामले में था आरोपी

Gadchiroli Encounter महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हुए एनकाउंटर में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मुठभेड़ में जहां 26 नक्सली मारे गए वहीं 50 लाख का इनामी नक्सली मिलिंद तेलतुम्बडे भी मार गिराया गया। खास बात यह है कि मिलिंद भीमा कोरोगांव मामले में आरोपी था और फरार चल रहा था
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2021, 11:09 AM IST
Gadchiroli Encounter
Gadchiroli Encounter

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली एनकाउंटर ( Gadchiroli Encounter ) में 26 नक्सली मारे गए हैं। खास बात यह है कि पुलिस ने इस मुठभेड़ में 50 लाख के इनामी नक्सली मिलिंद तेलतुम्बडे ( Milind Teltumbde ) को मार गिराया। बताया जाता है कि मिलिंद तेलतुम्बडे भीमा कोरेगांव मामले ( Bhima Koregaon Case ) में वांछित आरोपी था।

दरअसल, शनिवार को मुंबई से करीब 900 किलोमीटर दूर पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ नक्सलियों को भारी पड़ी। 12 घंटे चली इस एनकाउंटर में पुलिस ने कम 26 नक्सलियों को मार गिराया।

अलग-अलग नामों से रहता था मिलिंद
एनकाउंटर में मारे गए 50 लाख के इनामी नक्सली मिलिंद तेलतुम्बड़े के कई नाम थे। वो दीपक, प्रवीण, अरुण और सुधीर के नाम से भी जाना जाता था।

तेलतुम्बड़े की पहचान एक खूंखार और कुख्यात नक्सली के तौर पर थी। भीमा कोरेगांव हिंसा मामले में NIA ने तेलतुम्बड़े को आरोपी बनाया है और उसे फरार घोषित कर रखा था।

मिलिंद तेलतुम्बड़े नई भर्तियों को वारदातों को अंजाम देने के लिए गुरिल्ला ट्रेनिंग देता था।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक शनिवार सुबह से शुरू हुई मुठभेड़ करीब 12 घंटे तक चली। गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने रविवार को बताया कि प्रारंभिक पहचान के मुताबिक, मिलिंद शनिवार की मुठभेड़ में मारे गए 26 नक्सलियों में से एक था। फिलहाल, अन्य मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है।

एनकाउंटर में घायल हुए चार पुलिसकर्मी
गढ़चिरौली जिले के पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने कहा कि मुठभेड़ सुबह मर्दिनटोला वन क्षेत्र के कोरची में शुरू हुई।

जब सी-60 पुलिस कमांडो की एक टीम तलाशी अभियान चला रही थी। मुठभेड़ में चार पुलिस कर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से नागपुर ले जाया गया।

इन्हें नागपुर के क्रिटिकल केयर कॉमप्लेक्स ऑफ ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया है। जहां इनका इलाज जारी है।

Published on: