राष्ट्रीय

‘अपनी नाकामियों के लिए बिज़नेस कम्युनिटी को दोषी ठहराया’, पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर मल्लिकार्जुन खरगे ने साधा निशाना

फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के शताब्दी सम्मेलन में बिज़नेस कम्युनिटी को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने निशाना साधा है।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 2:43 PM IST
Mallikarjun Kharge
मल्लिकार्जुन खरगे (Photo - ANI)

पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) गुरुवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बिज़नेस कम्युनिटी से पूछा कि क्या उन्होंने अपने वर्कर्स की सैलरी बढ़ाई है और क्या उन्होंने रोजगार दर बढ़ाने में कोई योगदान दिया है। एफआईसीसीआई के शताब्दी सम्मेलन में बिज़नेस कम्युनिटी के दिग्गजों को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा, “अगर मैं बिज़नेस की बात करूं, तो हाल के वर्षों में सरकार का पूरा जोर ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ (व्यापार करने में आसानी) पर रहा है। 2014 में मूल कॉर्पोरेट टैक्स की दर 30% थी। हमने इसे घटाकर 22% कर दिया। आज भारत में 12 लाख रुपये तक की कमाई पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता है। मुझे पता है कि आप ताली नहीं बजाएंगे, क्योंकि आप लोगों को चाहे कितना भी दे दिया जाए, आपकी भूख कभी शांत नहीं होती। मैंने 12 लाख रुपये तक की इनकम को टैक्स से मुक्त कर दिया है। क्या आपने अपने वर्कर्स की सैलरी बढ़ाई? क्या आपने वर्कर्स की संख्या बढ़ाई? नहीं। आपका रवैया तो यही रहता है: मोदी जी, आप ही सब कुछ कर दीजिए, हम तो बस देखेंगे।"

खरगे ने साधा निशाना

पीएम मोदी के इस बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने निशाना साधा है। खरगे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "कांग्रेस पार्टी आर्थिक उदारीकरण की जननी है। कांग्रेस-यूपीए के कार्यकाल में ही देश में सबसे ज़्यादा दशकीय औसत वृद्धि (Decadal Average Growth) हुई थी। लेकिन आदत से मजबूर पीएम मोदी जी ने एफआईसीसीआई में अपने भाषण में ख़ुद की नाकामियों के लिएबिज़नेस कम्युनिटी को ही दोषी ठहरा दिया। ऐसा लगा कि प्रधानमंत्री जी विपक्ष के नेता हैं।12 वर्षों के बाद नींद से जागे हैं। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा लेवल प्लेइंग फील्ड की बात की। बार-बार चेताया, पर मोदी सरकार ने 1-2 पूँजीपति परम मित्रों को देश के सभी संसाधन सौंपने का काम किया और एमएसएमई और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी। स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के अभाव ने इनोवेशनको बाधित किया, मैन्युफैक्चरिंग क्वालिटी से समझौता हुआ और भारतीय उत्पादों की विश्वसनीयता एवं ग्लोबल ब्रांड वैल्यू कमज़ोर हो गई। आज रोजगार नहीं है, बचत नहीं है, और महंगाई चरम पर है। पीएसयू ख़त्म कर दिए हैं और 'मेक इन इंडिया' को 'बाइ फ्रॉम चाइना' बना दिया है। भाजपा ने अपने स्वार्थ में भारतीय अर्थव्यवस्था का चुनिंदा पूंजीपतियों द्वारा स्ट्रक्चरल टेकओवर करा दिया है। यह आज भारतीय अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौती और इकोनॉमिक डिज़ास्टर साबित हो रही है।"