
Mallikarjun Kharge Anti Paper Leak Bill: राज्य सभा में कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खरगे ने एंटी पेपर लीक बिल पर बहस के दौरान सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने सदन में ऐसा कुछ बोल दिया कि सदन में हंगामा हो गया। मल्लिकार्जुन खरगे ने मनुस्मृति का जिक्र करते हुए कहा कि वेद का उच्चारण करने पर जीभ काटने तक की बात कही गई है। वेद मंत्र धारण करने पर शरीर काटने तक की बात कही गई है। यह सब मनुस्मृति में लिखा हुआ है।
कांग्रेस सांसद के इतना बोलने पर हंगामा मच गया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने खरगे के इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष के नेता ने जो कहा है, वह मेरी जानकारी में तथ्यों से परे है।
वहीं हंगामे के दौरान ट्रेजरी बेंच के सदस्यों ने कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खरगे से माफी मांगने की मांग की। इस दौरान उन्होंने गुंडागर्दी नहीं चलेगी के भी नारे लगाए।
सदन में जब मल्लिकार्जुन खरगे बोल रहे थे तब सभापति ने उनसे पूछा कि आपको और कितना समय चाहिए, बता दिजिए। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि समय पूरा हो गया है, इसलिए पूछ रहा हूं। इस पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि जितना आप दे दें।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पेपर लीक मामले में आज तक किसी को सजा नहीं हुई है। जब जांच और न्याय की हालत ऐसी है, तो सिर्फ कानून में सख्त सजा लिखने से न्याय नहीं मिलेगा। हर पेपर लीक से स्टूडेंट्स को यह मैसेज जाता है कि सरकार की नजर में उनकी मेहनत की कोई कीमत नहीं है।
एंटी पेपर लीक बिल पर राज्य सभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं में प्रधानमंत्री मोदी ने बिना देर किए यह ऐलान किया कि किसी को भी बच्चों का भविष्य खतरे में नहीं डालने दिया जाएगा और पेपर लीक पर जी टॉलरेंस का वादा भी किया। इसलिए, यह कानून लाया जा रहा है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है। कोई भी अधिकारी अपने स्तर पर बच्चों पर लाठीचार्ज करने का फैसला नहीं कर सकता। उन्हें जवाब देना होगा कि यह सब किसके कहने पर हुआ। इन तथ्यों से इनकार नहीं किया जा सकता। अमित शाह इसमें सीधे तौर पर शामिल हैं।