
Mallikarjun Kharge: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज किेए गए इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने सभी सांसदों को दिल्ली में रुकने का निर्देश दिया है। ऐसे में कल भी प्रदर्शन जारी रह सकता है।
इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करीब 6 घंटों से आकाशवाणी भवन में हैं। वे वहां भी अपना धरना जारी रखे हुए हैं। राहुल गांधी का कहना है कि वे सिर्फ चुनाव आयोग (EC) से मिलना चाहते हैं। राहुल ने कहा कि 300 सांसदों को EC से मिलने से रोका गया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार जनता के प्रतिनिधियों से मिलने से डरते हैं।
विपक्ष के चुनाव आयोग (EC) से मिलने की जिद पर EC का जवाब आया है। EC के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें किसी भी राजनीतिक पार्टी से बैठक के लिए कोई अनुरोध नहीं मिला है, जबकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य लोगों ने चुनाव आयुक्तों से मिलने की मांग को लेकर चुनाव आयोग के दफ्तर के पास विरोध प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शन के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। हम लगातार लड़ते रहेंगे और इन लोकतंत्र के चोरों को बाहर फेंक देंगे। खड़गे ने चेताया कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, संविधान नष्ट हो जाएगा और स्थिति हिटलर के शासन जैसी बन जाएगी। इससे देश की जनता फिर से गुलामी की ओर धकेल दी जाएगी।
चुनाव आयोग में मतभेदों को लेकर हुए खुलासे के बाद मंगलवार को 19 विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) समेत कई अहम मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों और कार्यकर्ताओं ने संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग के मुख्यालय (ECI) की ओर लगभग 3 किलोमीटर लंबा विरोध मार्च निकाला। लेकिन पुलिस ने उन्हें मुख्यालय पहुंचने से पहले ही आकाशवाणी भवन में रोक दिया है।