राष्ट्रीय

INDIA गठबंधन में हलचल के बीच ममता बनर्जी अचनाक दिल्ली रवाना, बोलीं- दोपहर 3 बजे आया था जरूरी संदेश

संसद के विशेष सत्र और विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी शनिवार को अचानक दिल्ली रवाना हो गईं। उन्होंने बताया कि विपक्षी INDIA गठबंधन के नेताओं की ओर से उन्हें तुरंत दिल्ली पहुंचने का संदेश मिला था।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 7:06 PM IST
Mamata Banerjee
पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी (Photo-IANS)

कोलकाता। संसद के विशेष सत्र और विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी शनिवार को अचानक दिल्ली रवाना हो गईं। उन्होंने बताया कि विपक्षी INDIA गठबंधन के नेताओं की ओर से उन्हें तुरंत दिल्ली पहुंचने का संदेश मिला था। इसके बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम बदला और कोलकाता से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

कालीघाट स्थित अपने आवास से निकलने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें दोपहर करीब तीन बजे अचानक संदेश मिला था। इसमें तुरंत दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा कि यह पहले से तय नहीं था। आज दोपहर तीन बजे मुझे अचानक एक संदेश मिला। यह बहुत जरूरी है, इसलिए मुझे दिल्ली जाना पड़ रहा है।

चार्टर्ड विमान का प्रस्ताव ठुकराया

ममता बनर्जी ने बताया कि INDIA गठबंधन के नेताओं ने उनके लिए चार्टर्ड विमान की व्यवस्था करने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने एयर इंडिया की नियमित उड़ान से दिल्ली जाने का फैसला किया।

विपक्षी खेमे में बदलते समीकरण के बीच दौरा

ममता बनर्जी का यह दौरा संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी दलों के बीच बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच हो रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को समर्थन देने की घोषणा की है। वहीं, भाजपा की मुखर विरोधी रही द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने भी महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है।

सांसद प्रतिमा मंडल को सत्र में शामिल नहीं होने के लिए फोन करने का आरोप

दिल्ली रवाना होने से पहले ममता बनर्जी ने भाजपा के नेतृत्व वाले सत्ता प्रतिष्ठान पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों ने जयनगर की सांसद प्रतिमा मंडल को फोन कर दिल्ली में होने वाले संसदीय सत्र में शामिल नहीं होने के लिए कहा था। ममता के अनुसार, प्रतिमा मंडल ने कथित निर्देश मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद जयनगर पुलिस ने उनके निजी सहायक को गिरफ्तार कर लिया।

तोपसिया में निर्माणाधीन पार्टी भवन सील करने का मुद्दा उठाया

तृणमूल प्रमुख ने तोपसिया में पार्टी के निर्माणाधीन भवन को सील किए जाने का मामला भी उठाया। उन्होंने बताया कि कालीघाट स्थित उनके आवास पर बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से आते हैं। ऐसे में उन्होंने कुछ लोगों को तोपसिया परिसर में बैठकर काम करने के लिए कहा था। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने वहां भी बाधाएं खड़ी कीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से लौटने के बाद वह इस मामले को देखेंगी।

Also Read
View All
NEET-UG 2026: सुप्रीम कोर्ट की 30 नवंबर की डेडलाइन से पहले CJP ने केंद्र को लिखा पत्र, मुआवजा नीति पर मांगा जवाब

महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत, प्रफुल्ल पटेल बोले- शरद पवार एनडीए में शामिल हों तो बहुत खुशी होगी

परिसीमन बिल पर शरद पवार के समर्थन को लेकर राहुल गांधी ने तोड़ी चुप्पी, बोले- INDIA ब्लॉक में उनकी जगह नहीं बदलेगी

बंगाल में फर्जी हलफनामों पर बवाल, अभिषेक बनर्जी बोले- पुलिस थानों में तैयार हुए दस्तावेज, प्रेस कॉन्फ्रेस में वीडियो भी दिखाई

‘तालाब में डुबो दूंगा’… कल्याण बनर्जी के बयान पर ऋतब्रत ने दिया करारा जवाब!