
Mamata Banerjee: कुणाल घोष की कार पर हुए हमले को लेकर पूर्व सीएम ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है और TMC की रैली में जाने की अनुमति नहीं दी गई। साथ ही कहा कि सेरामपुर में TMC की रैली के आयोजन स्थल तक जाने वाले रास्ते पर BJP के गुंडों ने कब्जा कर लिया। वहां कोई पुलिस मौजूद नहीं थी।
कुणाल घोष पर हुए हमले को लेकर ममता बनर्जी ने कि मैं एक बार फिर अनुरोध करती हूं कि कृपया सहयोग करें। बंगाल के लिए परेशानी पैदा न करें। अदालत के फैसले के अनुसार, हम आज श्रीरामपुर में एक सभा कर रहे हैं। लेकिन हमारे लोगों को बुरी तरह पीटा जा रहा है और उन्हें सड़क पर रोका जा रहा है। उन्हें सभा स्थल तक जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के गुंडे और उपद्रवी हमारे लोगों पर हमला कर रहे हैं। बहुत से लोगों पर हमला किया गया है और उन्हें घेर लिया गया है। अब मैं खुद घटनास्थल की ओर जा रही हूं। मैं जाकर देखती हूं कि क्या स्थिति है। हमारे लोगों को घेर लिया गया है। उनकी गाड़ी तोड़ दी गई है और हमारे विधायक कुणाल घोष को पूरी तरह घायल कर दिया गया है।
दरअसल, टीएमसी विधायक कुणाल घोष की कार पर हुगली जिले के उत्तरपाड़ा में हमला होने का मामला सामने आया है। दरअसल, घटना उस समय हुई, जब घोष पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सेरामपुर में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे थे।
घटना के बाद कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि उनकी कार को बीजेपी से जुड़े लोगों ने निशाना बनाया। उनके मुताबिक, लाठी और लोहे की रॉड लिए लोगों की भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और नारेबाजी की। इसके बाद दूसरी भीड़ ने रास्ता रोक दिया।
घोष के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार पर अंडे और ईंटें फेंकीं, जिससे वाहन के आगे और पीछे के शीशे टूट गए। उन्होंने कहा कि शीशे के टुकड़े उनके ऊपर गिर गए और स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे जाने के बजाय वापस कोलकाता लौटना पड़ा।