
Maharashtra Kidnapping Case: महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में एक युवक ने प्रेमिका के घर में घुसकर उसकी मां और बहन के साथ मारपीट की और युवती का अपहरण कर लिया। आरोपी अपने चार साथियों के साथ कार में युवती को जबरन बैठाकर भाग निकला। रास्ते में उसने कई वाहनों और लोगों को टक्कर मारी, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अंबाजोगाई में कार को घेरकर आरोपी को पकड़ लिया।
इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। मामला धाराशिव जिले के बोरडा गांव का है। यहां रहने वाली एक युवती के एक युवक के साथ प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इससे नाराज युवक अपने चार साथियों के साथ युवती के घर पहुंच गया। वहां उसने युवती की मां को पीटा और उसकी बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इसके बाद परिवार के लोगों के सामने ही युवती को जबरन घर से खींचकर बाहर लाया और कार में बैठाकर फरार हो गया। आरोपी तेज रफ्तार में कार लेकर निकला। इस दौरान रास्ते में आने वाले वाहनों और लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल पीछा शुरू किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने अंबाजोगाई क्षेत्र में कार को रोक लिया।
पुलिस को सामने देखकर मुख्य आरोपी ने हाथ में धारदार हथियार उठा लिया। उसने धमकी दी कि वह या तो युवती को मार देगा या खुद की जान ले लेगा। करीब आधे घंटे तक वह पुलिस के सामने हंगामा करता रहा। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने सावधानी से आरोपी को काबू करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिसकर्मी गणेश वाघमोडे ने अपनी जान की परवाह किए बिना आरोपी को पकड़ने के लिए उस पर झपट्टा मारा।
इस संघर्ष में आरोपी के हाथ में मौजूद हथियार से वाघमोडे घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने आखिरकार मुख्य आरोपी को पकड़ लिया और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने जब युवती को कार से बाहर निकाला तो वह बार-बार अपने पिता के बारे में पूछ रही थी। इस पूरी घटना में आरोपी के तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।