हैदराबाद में पांच महीने की गर्भवती पत्नी स्वाति की उसके पति महेंद्र ने बेरहमी से हत्या कर दी! शव के टुकड़े-टुकड़े कर नदी में फेंके जाने के बाद आरोपी पकड़ा गया। प्यार में शादी करने वाले इस जोड़े की कहानी एक भयावह अंत तक पहुँची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
हैदराबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, एक सनकी पति ने अपनी 5 महीने की गर्भवती पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया है। वहीं, अपनी पत्नी के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर शव को ठिकाने लगाते वक्त पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस के हत्थे चढ़ने से पहले ही वह सिर, हाथ और पैर एक नदी में फेंक चुका था। पुलिस ने जानकारी दी कि महिला का धड़ अभी भी उसके घर में था।
मृतका की पहचान विकाराबाद जिले के कामारेड्डीगुडा निवासी 21 वर्षीय स्वाति के रूप में हुई है। वह पांच महीने की गर्भवती थी। हत्या की वारदात को हैदराबाद में मेडिपल्ली के बालाजी हिल्स में अंजाम दिया गया है।
आरोपी का नाम महेंद्र बताया जा रहा है। स्वाति और महेंद्र ने प्यार में पड़ने के बाद शादी कर ली थी। इसके बाद बालाजी हिल्स में रहने लगे थे। महेंद्र एक राइड-हेलिंग कंपनी में ड्राइवर का काम करता था।
पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4।30 बजे महेंद्र ने स्वाति की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शरीर के कुछ टुकड़े किए और कुछ हिस्सों को ठिकाने लगा दिया।
बाद में, उसने अपनी बहन को फोन करके बताया कि उसकी पत्नी लापता हो गई है। बहन को शक हुआ और उसने एक रिश्तेदार को इसकी सूचना दी, जो उसे पुलिस स्टेशन ले गया।
पुलिस ने बताया कि थाने में महेंद्र ने यह दावा करने की कोशिश की कि उसकी पत्नी लापता है, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।