राष्ट्रीय

Rajkot Crime: जीजा ने साली को हनीट्रैप का डर दिखाकर गाड़ी छीनी, ससुर का एटीएम कार्ड चुराकर निकाले 2.81 लाख रुपए

Gujarat Crime: राजकोट में जीजा ने साली को हनीट्रैप केस में फंसाने का डर दिखाकर गाड़ी ले ली। आरोपी पर ससुर का एटीएम कार्ड चुराकर 2.81 लाख रुपए निकालने और कुल 6.08 लाख रुपए हड़पने का आरोप है।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 8:26 PM IST
Rajkot Crime
प्रतीकात्मक तस्वीर

Rajkot News: राजकोट में एक व्यक्ति ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने ससुर और साली के लाखों रुपए हड़प लिए। पहले साली से उधार मिले 2.80 लाख रुपए वापस नहीं किए। फिर हनीट्रैप और पुलिस शिकायत का डर दिखाकर उसकी गाड़ी भी ले ली। इसके बाद ससुर का एटीएम कार्ड चुराकर अलग-अलग समय में 2.81 लाख रुपए निकाल लिए। रुपए और दोपहिया वाहन मिलाकर आरोपी ने 6.08 लाख रुपए हड़प लिए। अब पीड़िता की शिकायत पर आजीडेम पुलिस ने आरोपी जीजा निखिल चंदराणा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता निधिबेन मनसुखभाई गोहेल ने बताया कि वह अपने माता-पिता के साथ रहती हैं। कोठारिया रोड स्थित गोकुल पार्क के पास निजी स्कूल में नौकरी करती हैं। साल 2024 में उन्होंने अपने साथ काम करने वाले हिमेशभाई जोशी को जरूरत पड़ने पर 2.80 लाख रुपए उधार दिए थे। काफी समय बीतने के बाद भी हिमेश ने रुपए वापस नहीं किए तो निधिबेन ने अपनी बहन और जीजा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद हिमेश के खिलाफ आजीडेम पुलिस थाने में शिकायत दी गई।

दोनों पक्षों में हुआ समझौता

बाद में दोनों पक्षों के बीच घर पर ही समझौता हो गया। हिमेश के पिता दिलीपभाई ने नोटरी करार कर निधिबेन को 1.95 लाख रुपए नकद दिए। इसके बाद पुलिस थाने में बयान दर्ज कराने के समय 85 हजार रुपए और दिए गए। इस दौरान निधिबेन के जीजा निखिल ने उनसे कहा कि वह ये रुपए अपने पास रख लेगा और अगले दिन उनके खाते में जमा करवा देगा। भरोसा करके निधिबेन ने पूरी रकम उसे सौंप दी। इसके कुछ समय बाद 4 अप्रेल 2026 को दोपहर में निखिल ने निधिबेन को फोन किया।

टालमटोल करने लगा आरोपी

उसने कहा कि हिमेश ने उनके खिलाफ प्रद्युम्ननगर पुलिस थाने में रुपए ऐंठने और हनीट्रैप की शिकायत की है। इसलिए अपनी गाड़ी और उसके कागजात दे दें, जिन्हें वह पुलिस थाने में जमा करवा देगा। उसकी बातों में आकर निधिबेन ने उसे गाड़ी और पंजीकरण प्रमाणपत्र दे दिया। इसके बाद निधिबेन ने अपने जीजा से 2.80 लाख रुपए और गाड़ी वापस मांगी, लेकिन वह टालमटोल करने लगा।

एटीएम कार्ड भी चुराया

आरोप है कि निखिल ने उनके घर जाकर पिता का एटीएम कार्ड भी चुरा लिया और उससे अलग-अलग समय में 2.81 लाख रुपए निकाल लिए।कई बार मांगने के बावजूद न तो नकदी वापस मिली और न ही गाड़ी। रुपए लौटाने के बजाय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। आखिरकार निधिबेन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आजीडेम पुलिस ने निखिल चंदराणा के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
6 Nov 2026, 8:26 PM IST
Published on: