राष्ट्रीय

मणिपुर बम विस्फोट मामले में 3 आतंकी गिरफ्तार, घटना में दो बच्चों की हुई थी मौत

मणिपुर बम विस्फोट मामले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में 2 बच्चों की मौत हो गई थी।
2 min read
Apr 09, 2026
Terrorists Arrested in Manipur Bomb Blast Case
मणिपुर बम विस्फोट मामले में 3 आतंकी गिरफ्तार (Photo-IANS)

मणिपुर के बिश्नुपुर जिले में बीते दिन हुए घातक बम हमले में दो छोटे बच्चों की मौत हो गई थी। इस हमले में जान गंवाने वाले बच्चों की मां घायल हुई थी। सुरक्षा बलों ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिले में संयुक्त अभियान के दौरान यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के 3 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है।

आतंकियों को पास गोला-बारूद बरामद

बम धमाके की वारदात को अंजाम देने वालों के पास से पुलिस ने गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आतंकवादियों की पहचान जंपाओ कुकी, ससंग और पाउलालेम वैफाई के रूप में की गई है। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी के सदस्यों से हथियार और गोला-बारूद जब्त किया है।

आतंकियों के पास क्या मिला?

सुरक्षा बलों के मुताबिक, आतंकियों के पास जब्त किए गए सामान में एक AK-47 राइफल मैगजीन के साथ और 25 राउंड की गोलियां, एक पिस्तौल, 2 मैगजीन और 15 राउंड, 20,100 रुपए नकद और 21.19 किलो कच्ची अफीम सहित 2 नशीले पदार्थों के बोरे शामिल हैं। इसी चुराचांदपुर जिले के मोल्फेई तंपाक इलाके में अतिरिक्त हथियार भी बरामद किए गए, जिनमें एक MP-9 ऑटोमैटिक राइफल, एक पिस्तौल मैगजीन के साथ, दो लेथोड ट्यूब, एक पंपी (स्थानीय रूप से बनाई गई तोप) और पांच 70 MM कारतूस शामिल हैं।

क्या है पूरा मामला?

मंगलवार की रात करीब 1 बजे बिश्नुपुर जिले के ट्रोंगलाओबी अवांग लेकाई गांव में कथित रूप से कुकी आतंकवादियों द्वारा एक घर में शक्तिशाली बम फेंका गया था। इस हमले में 5 साल के लड़के और उसकी 5 महीने की बहन की मौके पर ही मौत हुई थी, जबकि उनकी मां घायल हो गई थी। यह हमला उस समय हुआ, जब परिवार घर में सो रहा था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। इसके बाद भीड़ ने बिश्नुपुर में CRPF कैंप पर धावा बोल दिया। इस दौरान 2 प्रदर्शनकारी मारे गए और 31 अन्य लोग घायल हुए थे। बुधवार को एक और प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी।

500 लोगों ने CRPF कैंप पर बोला हमला

ट्रोंगलाओबी अवांग लेकाई गांव में बम धमाके से बच्चों की मौत के बाद करीब 500 लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने जेलमोल के पास CRPF कैंप पर हमला किया, वाहनों में आग लगा दी और अन्य संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया।

Updated on:
09 Apr 2026 01:04 am
Published on:
09 Apr 2026 01:04 am