
AAP On BJP-SAD Alliance: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के गठबंधन पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने निशाना साधा है। AAP नेता मनीष सिसोदिया ने दोनों दलों पर पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ाने, गैंगस्टरवाद फैलाने और किसानों के साथ धोखा करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता की खातिर फिर साथ आए इन दलों को पंजाब की जनता जवाब देगी।
मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में 2020 के किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान पंजाब के किसानों को भारी कीमत चुकानी पड़ी। सिसोदिया के मुताबिक, दिल्ली की ओर प्रदर्शन के लिए आने वाले किसानों को भाजपा ने देशद्रोही तक कहा और आंदोलन के दौरान 700 से अधिक किसानों की जान गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों ने लाठियां खाईं और कड़ाके की ठंड में सड़कों पर रातें बिताईं, लेकिन अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटे। सिसोदिया ने कहा कि उस समय अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ने का नाटक किया था, लेकिन अब दोनों दल फिर साथ आ गए हैं।
AAP नेता ने भाजपा और अकाली दल के पुराने गठबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी गठबंधन के शासनकाल में पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ा था, एक पूरी पीढ़ी प्रभावित हुई और गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिला।
बीजेपी-अकाली दल के गठबंधन पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे गठजोड़ नहीं बल्कि ठगजोड़ बताया है। इसे साथ ही सीएम ने कई आरोप दोनों पार्टियों पर लगाए हैं। आपको बता दें कि पंजाब में जल्द ही चुनाव का ऐलान होने वाला है।
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने करीब छह साल बाद फिर गठबंधन का ऐलान किया है। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे।