24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / शादियों के सीजन के बीच पटना में 2 बड़े होटलों का किचन सील, नकली पनीर मिलने पर हुई कार्रवाई

शादियों के सीजन के बीच पटना में 2 बड़े होटलों का किचन सील, नकली पनीर मिलने पर हुई कार्रवाई

Bihar News: पटना के मगध और एम्बेसडर होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में कथित नकली पनीर, गंदा तेल और किचन में गंदगी मिली। दोनों होटलों के किचन तीन दिन के लिए सील कर दिए गए।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पटना

•

image

Mukul Kumar

•

Updated: 24 Nov 2026, 4:35 PM IST

Fake Paneer Seize

नकली पनीर जब्त। (फाइल फोटो- ANI)

पटना में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने बड़ी कार्रवाई की है। दो नामी होटलों में छापेमारी के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में नकली पनीर मिले हैं। साथ ही शादियों के सीजन के बीच होटल के किचन में ऐसी गंदगी देखने को मिली, जिसे देखकर अधिकारी पूरी तरह से हैरान रह गए।

मसालों के डिब्बों में जंग लगा था, खाना बनाने में गंदे तेल का इस्तेमाल हो रहा था और शाकाहारी तथा मांसाहारी खाद्य सामग्री को भी एक साथ रखा गया था। इसे देखने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों के लिए सील कर दिया है।

मगध और एम्बेसडर होटल में मिला नकली पनीर

यह मामला गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राजेंद्र पथ का बताया जा रहा है, जहां खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मगध होटल और एम्बेसडर होटल के किचन में औचक छापेमारी की।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब दोनों होटलों के किचन में पहुंची तो वहां कई तरह की गड़बड़ियां सामने आईं। जांच के दौरान कथित नकली पनीर मिला। इसके अलावा खाना बनाने और खाद्य सामग्री रखने के तरीके में भी गंभीर लापरवाही पाई गई।

अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को लगाई फटकार

अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान पाया कि किचन में साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा था। यहां तक कि खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले तेल की हालत भी खराब थी। ऐसे माहौल में ग्राहकों के लिए खाना तैयार किया जा रहा था।

किचन की हालत देखकर अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को फटकार लगाई। विभाग ने दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों के लिए सील कर दिया है। आगे की कार्रवाई जांच और खाद्य नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर हो सकती है।

बख्तियारपुर में 130 लीटर मिला था फॉर्मेलिन

बता दें कि पटना में मिलावटी पनीर का यह पहला मामला नहीं है। एक दिन पहले, 23 नवंबर को बख्तियारपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर बनाने वाली एक यूनिट पर छापेमारी की थी। यहां 130 लीटर फॉर्मेलिन मिला। इसके साथ ही 214 किलो घी भी जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान 635 किलो क्रीम, 360 किलो पनीर और 400 किलो दूध नष्ट कराया गया। इन खाद्य पदार्थों की कुल कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई गई है। जांच में यूनिट के पास वैध एफएसएसएआई लाइसेंस और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी नहीं मिला।

विभाग ने यूनिट को लाइसेंस मिलने तक उत्पादन और बिक्री बंद रखने का निर्देश दिया है। दूध, पनीर, क्रीम और घी के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि इन उत्पादों में फॉर्मेलिन की मिलावट हुई थी या नहीं।