Hindi News / National News / तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम पर बड़ा विवाद, मुस्लिम दरगाह के पास दीया जलाने जा रहे BJP प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया
तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम पर बड़ा विवाद, मुस्लिम दरगाह के पास दीया जलाने जा रहे BJP प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया
Tamil Nadu Karthigai Deepam controversy: तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम उत्सव पर विवाद बढ़ गया है। सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बावजूद मुस्लिम दरगाह के पास दीपक जलाने जा रहे BJP प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को पुलिस ने हिरासत में लिया।
तमिलनाडु BJP प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया। (फोटो- X/NainarBJP)
तमिलनाडु में एक धार्मिक आयोजन को लेकर बड़ा विवाद हो गया है। मदुरै के तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर मुस्लिम दरगाह के पास स्थित एक पत्थर के खंभे पर दीपक जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बीच पुलिस ने बीजेपी नेताओं को रोकना शुरू कर दिया है।
तमिलनाडु के बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में ले लिया। वह कार्तिगई दीपम उत्सव के मौके पर पहाड़ी पर होने वाले दीपक जलाने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
रास्ते में रोककर मैरिज हॉल ले गई पुलिस
इस कार्रवाई के बाद बीजेपी और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार के बीच टकराव और बढ़ने के आसार हैं। बीजेपी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
ताजा जानकारी के मुताबिक, नैनार नागेंद्रन मंगलवार दोपहर करीब 2:35 बजे अपने घर से पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ तिरुप्परनकुंड्रम के लिए निकले थे। करीब 40 मिनट बाद पुलिस ने उन्हें तिरुनेलवेली के थाचनल्लूर इलाके में एक चेकपोस्ट पर रोक लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें पास के एक मैरिज हॉल में ले गई।
इससे पहले उनके घर के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया था। पार्टी नेताओं का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों के सदस्यों को भी मदुरै जाने से रोका जा रहा है। उधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को भी पुलिस ने कोयंबटूर जिले के अन्नूर में रोक दिया। वह मेट्टुपालयम से तिरुप्परनकुंड्रम जा रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन के लिए दी है अनुमति
दरअसल, पूरा विवाद कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान दीपक जलाने की जगह को लेकर है। मदुरै के तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और हजरत सुल्तान सिकंदर बदुशा औलिया दरगाह के पास एक पत्थर का खंभा है, जिसे दीपथून कहा जाता है।
मामला मद्रास हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को इस खंभे पर दीपक जलाने की एक बार की अनुमति दी थी।
हालांकि, अदालत ने कहा था कि यह फैसला केवल इसी साल के आयोजन के लिए है। इससे भविष्य में किसी धार्मिक परंपरा, जमीन के मालिकाना हक या स्थायी अधिकार की पुष्टि नहीं होगी।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया था कि दीपक जलाने के लिए मंदिर प्रशासन के अधिकृत प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों की सीमित टीम ही वहां जाएगी।
मदुरै में धारा 163 लागू, 5000 पुलिसकर्मी तैनात
विवाद को देखते हुए मदुरै जिला प्रशासन ने 23 नवंबर की रात से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। ये प्रतिबंध 25 नवंबर की सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहेंगे।
इलाके में करीब 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पहाड़ी और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। ड्रोन उड़ाने पर भी रोक लगाई गई है।