राष्ट्रीय

राजस्थान की प्रवासी महिला ने PM मोदी से मिलने की जिद्द में छोड़ा ‘अन्न’, रखी ये बड़ी मांग

प्रवासी राजस्थानी महिला मीकू तोषावर ने अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा तिथि को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की अपील की है। इसको लेकर उन्होंने एक महत्वपूर्ण और दृढ़ कदम उठाया है— उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने तक अन्न त्यागने का संकल्प लिया है।
2 min read
May 28, 2025
Feature image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo - IANS)

प्रवासी राजस्थानी महिला मीकू तोषावर ने अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की अपील की है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने तक अन्न त्याग करने का प्रण भी ले लिया। उनका कहना है कि जब तक प्रधानमंत्री से इस बात का आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक भोजन में तरल पदार्थों का ही सेवन करूंगी। इस विषय में उन्होंने प्रधानमंत्री को एक पत्र भी भेजा है। हालांकि अभी तक उस पत्र का कोई जवाब नहीं आया, लेकिन मीकू को आशा है कि प्रधानमंत्री उनके पत्र का जवाब जरूर देंगे।

प्रण पूरा होने तक आहार में केवल तरल पदार्थ का सेवन

श्रीमेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार महिला समिति की अध्यक्ष मीकू सोनी ने पत्रिका से विशेष बात में कहा कि जब भगवान राम के वनवास से 14 वर्षों बाद अयोध्या लौटने पर भव्य स्वागत हुआ और उसके बाद से हर साल दीपावली का त्यौहार मनाया जाने लगा तो अयोध्या के मंदिर में लगभग 500 वर्षों बाद भगवान की वापसी हुई है। अतः पौष सुदी द्वादशी तिथि का दिन हम सभी को राम दीपावली के रूप में हर्षोल्लास से पूजा अर्चना कर मनाया जाना चाहिए।

सीएम योगी, चंपत राय से कर चुकीं मुलाकात

राजस्थान के सीकर जिले से संबंध रखने वाली मीकू का कहना है कि मेरा पहला उद्देश्य प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें इस दिन को त्यौहार के रूप में मनाने का प्रस्ताव देना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कारण से मैं इसमें सफल न हो पाऊं इसके लिए लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाना चाहती हूं। इसी सिलसिले में हाल ही में कोलकाता से रवाना हुई मीकू ने अयोध्या जा कर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय से मुलाकात की थी। इस दौरान उनसे भी इस विषय पर चर्चा कर समर्थन मांगा।

चंपत राय ने दिया उन्हें सहयोग देने का आश्वाशन

मीकू के अनुसार चंपत राय ने उन्हें अपना उचित सहयोग देने का आश्वाशन भी दिया। इसके बाद उन्होंने लखनऊ के जनता दरबार में भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम से पत्र दिया है। अब मीकू दिल्ली, जयपुर समेत अन्य जगहों पर लोगों को पत्र देने निकली हैं।

Updated on:
28 May 2025 08:33 am
Published on:
28 May 2025 08:33 am