
Monsoon In India: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बुधवार को महाराष्ट्र को कवर करते हुए गुजरात व मध्यप्रदेश में धमाकेदार एंट्री कर ली और अब तेजी से राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-6 दिनों में मानसून उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के बड़े हिस्से को कवर कर लेगा। अगले 2-3 दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई और क्षेत्रों में आगे बढ़ेगा और फिर राजस्थान में बांसवाड़ा या झालावाड़ जिले के रास्ते प्रवेश करेगा। इसके बाद उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त हिस्सों में भी दस्तक होने की संभावना है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और मानसून का इंतजार कर रहे राज्यों में प्री-मानसून की बारिश हो रही है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बीते 24 घंटों के दौरान इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। शहर के कई इलाकों में 200 मिमी से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। कई सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। लोगों को दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आइएमडी ने अगले 24 घंटों तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
आइएमडी ने राजस्थान समेत 9 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 16 राज्यों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। राजस्थान में मानसून की दस्तक से पहले मौसम सक्रिय हो गया है। जयपुर सहित करीब 20 जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं मध्यप्रदेश के 33 जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। हरियाणा के सात जिलों में भी खराब मौसम को लेकर प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आइएमडी के अनुसार पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत और हिमालय से लगे क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मानसून की तेज प्रगति खरीफ फसलों की बुवाई के लिए लाभकारी होगी, लेकिन अत्यधिक बारिश वाले इलाकों में बाढ़, जलभराव और फसलों को नुकसान का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बिहार में मानसून की तीव्रता से जनजीवन प्रभावित हुआ है। आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बादल फटने से काचरंग नाले में अचानक फ्लैश फ्लड आ गया। अरुणाचल प्रदेश में कई इलाकों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दूसरी ओर असम में नदियों का जलस्तर बढ़ने और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है।