भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ओडिशा के आंतरिक इलाकों में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जो झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास है।
Monsoon Weather, IMD Alert: इस साल मानसून थमने का नाम नहीं ले रहा है। अक्टूबर शुरू हो चुका है, लेकिन देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश जारी है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ओडिशा के आंतरिक इलाकों में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जो झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास है। इसके कारण 6 अक्टूबर को बिहार समेत देश के कई राज्यों में भारी भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी आज भारी बारिश की चेतावनी है। चक्रवात 'शक्ति' के असर से कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र, कच्छ और गुजरात में 8 और 9 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण 6 से 7 अक्टूबर तक भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 6 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश होगी, और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम फिर बदल गया है, और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया था। रविवार से सोमवार की रात दिल्ली-एनसीआर में कई जगहों पर तेज बारिश हुई। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे, और मौसम खराब रहेगा। हवाएं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, और कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं। इससे तापमान में कमी आएगी।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का कहर जारी है। 6 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, कासगंज और बदायूं में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है।