राष्ट्रीय

Milk Price Hike: दिल्ली-एनसीआर वालों को महंगाई का झटका, अब महंगा मिलेगा मदर डेयरी का दूध, इतनी बढ़ेगी कीमत

Mother Dairy Hikes Milk Prices: मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 6:31 PM IST
Mother Dairy milk price hike
मदर डेयरी। फाइल फोटो- पत्रिका

Delhi NCR Milk Prices: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को अब दूध खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू होंगी। कंपनी ने दूध की लगभग सभी प्रमुख किस्मों के दाम बढ़ाए हैं। सबसे ज्यादा 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी फुल क्रीम दूध में की गई है।

दूध की खरीद लागत बढ़ी

दूध की खरीद लागत बढ़ने के कारण कंपनी ने कीमतों में इजाफा किया है। सूत्रों का कहना है कि मदर डेयरी को किसानों से पहले की तुलना में अधिक कीमत पर दूध खरीदना पड़ रहा है। बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला किया गया है। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कंपनी के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

फुल क्रीम दूध अब 76 रुपए प्रति लीटर

कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर में 72 रुपए प्रति लीटर मिलने वाला फुल क्रीम दूध अब 76 रुपए में मिलेगा। इस तरह इसकी कीमत में 4 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। दूध की अन्य प्रमुख किस्मों के दाम भी 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं। हालांकि, कंपनी ने सभी किस्मों की नई कीमतों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

मई में भी बढ़ाए थे दूध के दाम

मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। मई 2026 से पहले कंपनी ने अप्रेल 2025 में दाम बढ़ाए थे। करीब छह महीने के अंतराल में कीमतों में दोबारा बढ़ोतरी से दिल्ली-एनसीआर के परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित होगा।

रोजाना 35 लाख लीटर दूध बेचती है कंपनी

मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ताओं में शामिल है। कंपनी इस बाजार में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। देशभर में उसकी कुल दैनिक दूध बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। कंपनी दूध की बिक्री से होने वाली आय का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। मदर डेयरी की स्थापना 1974 में हुई थी। यह राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अमूल ने भी अपने कुछ उत्पादों की कीमतें बढ़ाई थीं। कंपनी ने एक किलो घी के दाम में 40 रुपए की बढ़ोतरी की थी।

Updated on:
11 Nov 2026, 6:31 PM IST
Published on: