राष्ट्रीय

SCO मीटिंग के बाद पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक बोले- उम्मीद है आप दोबारा गिला नहीं करेंगे, हमारा आना-जाना बना रहेगा

दिल्ली में SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है भारत दोबारा गिला नहीं करेगा और दोनों देशों का आना-जाना जारी रहेगा।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 9:35 PM IST
SCO meeting Delhi
पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक(फोटो-ANI)

Pakistan Minister India Visit: भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि भारत दोबारा उनके आने-जाने को लेकर शिकायत नहीं करेगा और दोनों देशों के बीच संपर्क बना रहेगा। दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने पहुंचे मलिक ने यह बात मीडिया से बातचीत के दौरान कही। मुसादिक मलिक ने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि आप दोबारा गिला नहीं करेंगे और हमारा आना-जाना रहेगा।' उनके इस बयान को भारत-पाकिस्तान संबंधों और मौजूदा राजनीतिक माहौल के संदर्भ में देखा जा रहा है।

SCO मंच पर क्षेत्रीय शांति और बातचीत की वकालत


पाकिस्तानी मंत्री ने पूरे क्षेत्र में शांति और स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि SCO के ढांचे में होने वाली चर्चाएं पूरे क्षेत्र से जुड़ी होती हैं। मुसादिक मलिक के मुताबिक, इस समय क्षेत्र कई जटिल भू-राजनीतिक चुनौतियों और अस्थिरता के अलग-अलग केंद्रों से गुजर रहा है। ऐसे में अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों का एक साथ बैठना और बातचीत करना हालात को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।

उन्होंने दावा किया कि जब भी क्षेत्र में अस्थिरता पैदा हुई है, पाकिस्तान ने रचनात्मक भूमिका निभाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जहां भी शांति पर चर्चा होगी और देश बातचीत के जरिए आगे बढ़ने का रास्ता तलाशेंगे, पाकिस्तान उसमें हिस्सा लेने के लिए तैयार है।

'एक-दूसरे का नजरिया समझना जरूरी'


मुसादिक मलिक ने दिल्ली में आयोजित बैठक को उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ बातचीत से एक-दूसरे को समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर देश एक-दूसरे के विचारों और नजरिए को समझने की कोशिश नहीं करेंगे और हर किसी को केवल अपने दृष्टिकोण से देखेंगे, तो बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती।

पाकिस्तानी मंत्री के मुताबिक, संवाद के लिए अपने नजरिए को व्यापक बनाना और दूसरे पक्ष की सोच को समझना सबसे जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की बैठकें आपसी समझ बढ़ाने में मदद करेंगी।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा


मुसादिक मलिक की भारत यात्रा को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह किसी पाकिस्तानी नेता की पहली भारत यात्रा है। वह 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

इससे पहले 2023 में गोवा में आयोजित SCO बैठक में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे। उसके बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा है।

Updated on:
20 Nov 2026, 9:35 PM IST
Published on: