
Nashik Tourist Attack Update : नासिक। नासिक के प्रसिद्ध भवली डैम से एक घटना सामने आई है। यहां घूमने गए एक परिवार के लिए यह ट्रिप एक बुरे सपने में बदल गई। डैम पर महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ व फब्तियां कसने का विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार को घेर लिया। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने करीब 15 किलोमीटर तक फिल्मी स्टाइल में पर्यटकों की कार का पीछा किया, उन पर जानलेवा हमला किया और पूरे रास्ते डराया-धमकाया। घटना 12 जुलाई की है, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी पीड़ित किरण भागवत और उनका परिवार दहशत में है। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर हैं, जिन पर पहले से ही हत्या के मामले दर्ज हैं।
किरण भागवत ने TOI को बताया कि दो युवकों ने उनके ग्रुप की महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां की थीं। जब परिवार ने उन्हें तमीज से रहने की हिदायत दी, तो वे चले गए। लेकिन जब परिवार डैम के बैकवाटर के पास खड़ी अपनी गाड़ी के पास लौटा, तो कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और बहस करने लगे। उन्होंने बताया कि परिवार मुश्किल से 8 किलोमीटर ही चला था कि उन्हें एहसास हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है। कार सवार सभी लोग डर गए थे।
बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बीच हाईवे पर पर्यटकों की कार को घेरने का प्रयास किया, गालियां दीं और गाड़ी पर लाठियां व लोहे की रॉड बरसाईं। जान बचाने के लिए पीड़ित ने जब कार को रॉन्ग साइड में मोड़ा, तो एक हमलावर चलती कार पर झपट गया और खिड़की से उनके भाई को बाहर खींचने की कोशिश करने लगा। किसी तरह वह कार से नीचे गिरा, जिसके बाद पीड़ित सीधे अंबड पुलिस स्टेशन पहुंचे।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था। हमलावरों के पास पहले से ही लाठियां और सरिए मौजूद थे। बिना किसी राजनीतिक संरक्षण और कानून के खौफ के कोई भी सरेआम इस तरह का दुस्साहस नहीं कर सकता।
उन्होंने बताया कि भवली बांध के आसपास करीब 7-8 किलोमीटर के दायरे में मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह गायब रहता है। ऐसे में यदि किसी पर्यटक के साथ कोई अनहोनी हो जाए, तो वह पुलिस या किसी अन्य से आपातकालीन मदद भी नहीं मांग सकता। गुरुवार को नासिक शहर की मेयर हिमगौरी अहेर-अडके ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।