राष्ट्रीय

राहुल गांधी के वाहन के नीचे आया पुलिसकर्मी, ‘Voter Adhikar Yatra’ के दौरान हुआ हादसा

Bihar Election 2025: नवादा में वोटर अधिकार यात्रा में तैनात पुलिसकर्मी को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद राहुल गांधी ने पुलिसकर्मी से हालचाल भी जाना।
2 min read
• •
Updated: 19 Aug 2025, 4:09 PM IST
Feature image
वोटर अधिकार यात्रा में वाहन की टक्कर से पुलिसकर्मी हुआ घायल (Photo-ANI)

Voter Adhikar Yatra: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। उनके साथ राजद नेता तेजस्वी यादव भी हैं। SIR के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा तीसरे दिन नवादा पहुंची। यात्रा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के वाहन ने टक्कर मार दी। वहां मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों ने पुलिसकर्मी को बाहर निकाला। फिर राहुल गांधी ने पुलिसकर्मी का हालचाल जाना। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

EC पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नवादा में चुनाव आयोग और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस सांसद ने कहा कि बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच पार्टनरशिप चल रही है। ये मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं। संविधान ने आपको वोट देने का अधिकार दिया है- जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह और इलेक्शन कमिश्नर मिलकर आपसे छीन रहे हैं। 

महाराष्ट्र-हरियाणा और MP के चुनाव चुराए

कांग्रेस सांसद ने कहा कि BJP ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर महाराष्ट्र, हरियाणा, मध्य प्रदेश के चुनाव चुराए हैं। महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच चुनाव आयोग ने करीब 1 करोड़ नए वोटर पैदा कर दिए। हमने चुनाव आयोग से पूछा- ये 1 करोड़ नए वोटर कौन हैं, तो उन्होंने कुछ नहीं बताया। हमने वीडियोग्राफी मांगी तो कानून बदल दिया।

वोट चोरी नहीं करने देंगे

इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन के नाम पर बीजेपी और चुनाव आयोग वोट चोरी कर रहे हैं। हम इन्हें वोट चोर नहीं करने देंगे। 

हमें हालात बदलने है-राहुल गांधी 

नवादा में कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले आपका वोटर कार्ड छीना जाएगा। उसके बाद राशन कार्ड छीन लिया जाएगा, फिर आपकी जमीनें अडानी-अंबानी को दी जाएगी। ये देश चुनिंदा पूंजीपतियों का नहीं है। ये देश युवाओं, किसानों, छोटे व्यापारियों का है, लेकिन यहां सारा काम पूंजीपतियों के लिए होता है।  इसलिए हमें ये हालात मिलकर बदलने हैं। 

Updated on:
19 Aug 2025, 4:09 PM IST
Published on: