राष्ट्रीय

शरद पवार की पार्टी में विलय को लेकर अजित पवार के करीबी ने दिया बयान, कहा- दादा के नेतृत्व में…

NCP प्रदेश अध्यक्ष तटकरे ने स्पष्ट किया कि डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता बनाना पार्टी का आंतरिक फैसला था...
2 min read
Feb 02, 2026
Ajit pawar
अजित पवार। (Photo: X/NCP)

महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष सुनील तटकरे ने सोमवार को पार्टी के पुनर्विलय की अटकलों पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अजित दादा के नेतृत्व में एनसीपी ने पहले ही बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने का सामूहिक फैसला कर लिया है और गठबंधन में बनी रहेगी। इस दौरान उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “सबसे पहले यह साफ होना चाहिए कि कौन सी पार्टी किसमें मर्ज होगी।”

BJP की नहीं है भूमिका

कराड में NCP प्रदेश अध्यक्ष तटकरे ने स्पष्ट किया कि डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता बनाना पार्टी का आंतरिक फैसला था, इसमें बीजेपी की कोई भूमिका नहीं रही। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने फैसले खुद लेने में सक्षम है।

तटकरे ने कहा कि अजित पवार के नेतृत्व में एनसीपी ने सामूहिक रूप से एनडीए में शामिल होने का निर्णय लिया था, और 2024 के विधानसभा चुनाव में जनता ने इस फैसले पर मुहर भी लगाई।

सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण पर भी सवाल

सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम पद की शपथ में शरद पवार और सुप्रिया सुले की गैर-मौजूदगी पर तटकरे ने कहा कि निमंत्रण भेजना प्रोटोकॉल विभाग की जिम्मेदारी होती है, पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं।

अजित पवार के बेटे पार्थ पवार के समारोह में न आने पर तटकरे ने कहा कि वे बारामती में शोक संवेदनाएं स्वीकार कर रहे थे, इसलिए मुंबई नहीं आ सके।

विलय की अटकलों पर विरोधाभासी बयान

NCP (SP) प्रमुख शरद पवार और सुप्रिया सुले पहले ही दावा कर चुके हैं कि दोनों गुटों के बीच विलय वार्ता अंतिम चरण में थी और 12 फरवरी को घोषणा की तैयारी थी। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर ऐसी कोई बात होती तो अजित पवार खुद उन्हें जानकारी देते।

विमान हादसे में हुई मौत

एनसीपी प्रमुख अजित पवार की विमान हादसे में मौत हो गई। उनके साथ विमान में मौजूद चार अन्य लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई। उनके निधन से राज्य में शोक की लहर चली और अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ हुआ। 

Updated on:
03 Feb 2026 07:22 am
Published on:
02 Feb 2026 09:43 pm