राष्ट्रीय

‘ऐसा पहले कभी नहीं देखा’ NDA की पहली बैठक में शामिल हुई NCPI, पार्टी सासंदों ने की मंगल मिलन की सराहना

Mangal Milan: NDA की 'मंगल मिलन' बैठक में पहली बार शामिल हुए NCPI के सांसदों ने बैठक की कार्यशैली, स्वागत और संगठन की सराहना की। सांसदों ने कहा कि उन्हें ऐसा अनुभव पहले कभी नहीं मिला और बैठक बेहद सकारात्मक रही।
2 min read
NDA Mangal Milan Meeting
NDA मंगल मिलन बैठक (फोटो- एएनआई)

NCPI MPs attends NDA Meeting: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय दल की साप्ताहिक मंगल मिलन बैठक मंगलवार को संसद पुस्तकालय भवन में आयोजित हुई। इस बैठक में पहली बार नवगठित नेशनल कांग्रेस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सांसद शामिल हुए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। NDA में शामिल होने के बाद NCPI की यह पहली आधिकारिक भागीदारी रही, जिसे पार्टी सांसदों ने बेहद सकारात्मक अनुभव बताया और बैठक की कार्यशैली की खुलकर सराहना की।

बैठक में पहली पंक्ति में बैठी नजर आई काकोली घोष दस्तीदार

NCPI का गठन जून में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों के शामिल होने के बाद हुआ था। पार्टी अब लोकसभा में NDA की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी बन चुकी है और गठबंधन की कुल ताकत लगभग 318 सीटों तक पहुंच गई है। पार्टी को निर्वाचन आयोग से पंजीकरण मिल चुका है और लोकसभा अध्यक्ष को मान्यता के लिए जरूरी दस्तावेज भी सौंप दिए गए हैं। इसी मान्यता के आधार पर NCPI सांसदों को पहली बार NDA की मंगल मिलन बैठक में आमंत्रित किया गया। बैठक में पार्टी नेता काकोली घोष दस्तीदार पहली पंक्ति में बैठी नजर आईं।

NCPI सांसदों ने साझा किया अनुभव

NCPI सांसद सताब्दी रॉय ने बैठक के बाद कहा कि आज हम पहली बार यहां आए, इसलिए हमारी पहचान हुई। पहली बार सभी नेताओं से मुलाकात हुई। यहां जो व्यवस्थित तरीका और संगठन हमने देखा, ऐसा पहले कभी नहीं देखा। सांसद जून मालिया ने कहा कि यह बैठक हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण थी क्योंकि हम नए हैं और गठबंधन में कुछ नए सहयोगी भी जुड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सभी वरिष्ठ नेताओं ने हमारा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया और बैठक के दौरान हमारा परिचय कराया।

2014 से पहले इस तरह की बैठकें नहीं होती थी - काकोली

पार्टी नेता काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि NCPI का निर्वाचन आयोग में पंजीकरण हो चुका है। हमने लोकसभा अध्यक्ष को सभी दस्तावेज दिए हैं और हमें NDA का हिस्सा मानते हुए इस बैठक में बुलाया गया। बैठने की व्यवस्था और आगे की औपचारिक मान्यता को लेकर बातचीत जारी है। जैसा होगा, हम जानकारी देंगे। मैंने पहले कभी ऐसी बैठक नहीं देखी। 2014 से पहले इस तरह की बैठकें भी नहीं होती थीं। हमें बहुत अच्छा लगा और NDA का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है। हमारे सभी सांसद मिलकर काम कर रहे हैं।

सायोनी घोष ने भी दी प्रतिक्रिया

NCPI सांसद सायोनी घोष ने भी बैठक को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि मैंने NDA की बैठक में भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में यह काफी उपयोगी और जानकारी देने वाली बैठक रही। आज मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) पर चर्चा हुई और बातचीत काफी सकारात्मक रही। यह बैठक ऐसे समय हुई जब लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किए जाने के दौरान विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही। ऐसे राजनीतिक माहौल के बीच NCPI की पहली NDA बैठक और उसके नेताओं की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने गठबंधन की नई राजनीतिक दिशा को लेकर चर्चा तेज कर दी।

Updated on:
28 Jul 2026 01:56 pm
Published on:
28 Jul 2026 01:06 pm
Also Read
View All
महाराष्ट्र में ‘वोट चोरी’ का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की मुलाकात, मांगी बूथ-वार जानकारी

TMC में टूट पर अग्निमित्रा पॉल का तंज- ‘जो पार्टी दूसरों को टुकड़े-टुकड़े कहती थी, आज खुद टुकड़ों में बंट गई’

पंजाब में पुलिस यूनिफॉर्म एडवाइजरी को लेकर सियासी घमासान, जानें कांग्रेस-AAP और SAD ने क्या कहा?

कर्नाटक के मंत्री के ‘टिप’ वाले बयान पर मचा बवाल, BJP विधायक बोले- कांग्रेस सरकार खुद भ्रष्टाचार को दे रही बढ़ावा

‘बढ़ती उम्र में डगमगाया मानसिक संतुलन, कराएं इलाज’, जीतन राम मांझी के ‘यादव’ वाले बयान पर रोहिणी आचार्य का पलटवार