PM Modi Mother Abuse: बिहार में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर एनडीए संयुक्त महिला मोर्चा ने चार सितंबर को बिहार बंद की घोषणा की है।
PM Modi Mother Abuse: बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय मां हीराबेन मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी ने सियासी हलचल मचा दी है। इस घटना के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 4 सितंबर 2025 को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का ऐलान किया है। मंगलवार को बिहार BJP प्रदेश कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में NDA के नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
BJP के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रेस वार्ता में कहा, मां भगवान की प्रतिमूर्ति होती है। इस घटना ने बिहार को कलंकित किया है। क्या किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति और उनके परिवार के खिलाफ राजनीतिक मंच से ऐसी टिप्पणी की जा सकती है? उन्होंने इसे नारी सम्मान और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं पर हमला बताया। जायसवाल ने कहा कि NDA की महिला मोर्चा 4 सितंबर को बंद का नेतृत्व करेगी, जो बिहार की राजनीति में पहली बार होगा। उन्होंने बिहार की जनता से इस बंद में शामिल होकर RJD और कांग्रेस का प्रतिकार करने की अपील की।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन की यात्रा के मंच से की गई यह टिप्पणी न केवल पीएम मोदी, बल्कि देश की हर मां और बहन का अपमान है। उन्होंने आश्चर्य जताया कि विपक्ष ने अब तक माफी नहीं मांगी। कुशवाहा ने कहा, "बिहार की धरती ऐसी टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं करेगी। 4 सितंबर को NDA की महिला मोर्चा सड़कों पर उतरेगी और इसका जवाब देगी।" उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान भी बताया।
NDA ने स्पष्ट किया कि बंद के दौरान रेलवे और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा, जिसमें BJP, JDU और अन्य सहयोगी दलों की महिला मोर्चा प्रमुख भूमिका निभाएगी। प्रेस वार्ता में NDA के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष और महिला मोर्चा की अध्यक्ष मौजूद थीं। नेताओं ने इसे बिहार की अस्मिता और नारी सम्मान का मुद्दा बताते हुए जनता से पूर्ण समर्थन की अपील की।