राष्ट्रीय

NEET पेपर लीक मामले के आरोपी यश यादव को कोर्ट से नहीं मिली राहत, जमानत याचिका की सुनवाई स्थगित

NEET UG Paper Leak Case: नीट यूजी पेपर लीक मामले में गिरफ्तार यश यादव को राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका समय पूर्व बताते हुए सुनवाई टाल दी है। नीचे पढ़ें पूरी अपडेट…

2 min read
Jun 12, 2026
NEET PAPER LEAK
NEET पेपर लीक मामला (इमेज सोर्स: ANI)

NEET UG Paper Leak 2026 Case Update: नीट यूजी पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी यश यादव को फिलहाल कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है। 21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्होंने अंतरिम जमानत की मांग की थी, लेकिन राउज एवेन्यू कोर्ट ने उनकी याचिका को समय पूर्व मानते हुए सुनवाई टाल दी।

16 जून को सुनवाई

अदालत ने कहा कि अभी तक यश यादव को परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया गया है, इसलिए इस स्तर पर जमानत पर विचार करना जल्दबाजी होगी। अब इस मामले पर 16 जून को सुनवाई होगी।

नीट परीक्षा को लेकर NTA ने दिया बड़ा अपडेट

नीट परीक्षा 2026 से पहले राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने छात्रों के लिए कई बड़े और राहत भरे बदलावों की घोषणा की है। एजेंसी का कहना है कि इन बदलावों का मकसद परीक्षा को अधिक सुविधाजनक, तनावमुक्त और छात्र-अनुकूल बनाना है।

बता दें 21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा के लिए कुल परीक्षा विंडो 195 मिनट की होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। पहले परीक्षा शुरू और खत्म होने के दौरान हस्ताक्षर तथा अन्य औपचारिकताओं में छात्रों का समय खर्च हो जाता था, जिससे वास्तविक परीक्षा समय कम हो जाता था। अब NTA ने यह सुनिश्चित किया है कि छात्रों को पूरा निर्धारित समय मिल सके।

इसके अलावा, प्रश्न-पत्र में रफ वर्क के लिए दिए जाने वाले पन्नों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पहले जहां केवल दो पन्ने मिलते थे, वहीं अब चार पन्ने उपलब्ध होंगे। इससे गणना और तर्क आधारित प्रश्न हल करने में छात्रों को अधिक सुविधा मिलेगी।

बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए गुड न्यूज

NTA ने बाएं हाथ से लिखने वाले उम्मीदवारों का भी विशेष ध्यान रखा है। अब रफ वर्क के कुछ पन्ने प्रश्न-पत्र की शुरुआत में और कुछ अंत में दिए जाएंगे, ताकि ऐसे छात्र आसानी से उनका उपयोग कर सकें। यह व्यवस्था अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं के सभी प्रश्न-पत्रों में लागू होगी।

एजेंसी का मानना है कि ये छोटे लेकिन महत्वपूर्ण बदलाव परीक्षा के दौरान छात्रों के अनुभव को बेहतर बनाएंगे। पेपर लीक विवाद और प्रशासनिक खामियों के बाद पुनर्निर्धारित हुई NEET UG 2026 परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए NTA लगातार प्रयास कर रही है।