
Niharika Singhania Sport: मुंबई की 20 वर्षीय घुड़सवार निहारिका सिंघानिया ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय शो जंपिंग टीम में जगह बनाकर भारतीय घुड़सवारी में अपनी पहचान बनाई है। निहारिका अब जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। 19 वर्षीय निहारिका भारतीय टीम की सबसे युवा घुड़सवार हैं।
निहारिका की घुड़सवारी यात्रा किसी खेल परिवार या पेशेवर अकादमी से नहीं, एक स्कूल कैंप से शुरू हुई थी। करीब 12-13 साल की उम्र में पुणे के एक कैंप में पहली बार घोड़ों के संपर्क में आने के बाद उन्होंने इस खेल को गंभीरता से अपनाया। बाद में वे मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स स्थित एमेच्योर राइडर्स क्लब (एआरसी) से जुड़ गईं। यहीं से उनकी तकनीकी ट्रेनिंग शुरू हुई और उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया।
भारत में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की सीमित उपलब्धता के कारण निहारिका ने यूरोप में ट्रेनिंग और प्रतिस्पर्धा का रास्ता चुना। बेल्जियम और नीदरलैंड में नियमित प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल किया। यूरोप में लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण उन्होंने एफईआइ के न्यूनतम पात्रता मानदंड पूरे किए, जो एशियन गेम्स चयन के लिए अनिवार्य थे।
2026 एशियन गेम्स निहारिका सिंघानिया के करियर का अब तक का सबसे बड़ा मंच साबित होने वाला है। भारतीय टीम में वह अकेली महिला शो जंपर के रूप में शामिल हैं, जिससे उन पर खास जिम्मेदारी और उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। निहारिका से यही अपेक्षा की जा रही है कि वे यूरोप में किए गए अपने शानदार प्रदर्शन को एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर भी दोहराएं और भारत के लिए बेहतरीन नतीजे लेकर आएं। उनका चयन न केवल उनकी मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि भारतीय घुड़सवारी खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का भी संकेत है।
निहारिका की इस उपलब्धि पर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी उन्हें बधाई दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर निहारिका सिंघानिया की सफलता की सराहना करते हुए इसे महिला शक्ति का शानदार उदाहरण बताया। अमिताभ की शुभकामनाओं ने निहारिका की उपलब्धि को और खास बना दिया।