
पंजाब (Punjab) में ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले परविंदर सिंह झोटा (Parvinder Singh Jhotta) की हत्या पर बीजेपी (BJP) राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। नवीन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "मानसा में ड्रग्स के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिन-दहाड़े हुई हत्या, आम आदमी पार्टी सरकार के तहत पंजाब में कानून-व्यवस्था की बेहद खराब हालत को उजागर करती है। आम आदमी पार्टी ड्रग-मुक्त पंजाब का वादा करके सत्ता में आई थी। आज जो लोग ड्रग्स के खिलाफ आवाज़ उठाते हैं, वो खुद ही खतरे में हैं। यह प्रशासन की एक गंभीर विफलता है। अगर ड्रग माफिया से लड़ने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो पंजाब में कौन सुरक्षित है? पंजाब के लोग जवाब और जवाबदेही की मांग करते हैं।"
परविंदर पंजाब के मानसा जिले के एक सक्रिय नशा विरोधी कार्यकर्ता थे। उन्होंने ‘एंटी-ड्रग टास्क फोर्स’ बनाई और ‘नशा रोको, रोजगार दो’ अभियान भी चलाया, जिसके तहत वह मेडिकल स्टोरों से नशीली/सिंथेटिक दवाओं की अवैध बिक्री का विरोध करते थे और अक्सर सोशल मीडिया पर भी इस विषय में लोगों को जागरूक करते थे।
आज, मंगलवार, 13 अक्टूबर की सुबह परविंदर मानसा में एक केमिस्ट की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान के मालिक अश्वनी कुमार पर एक बुज़ुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेचने का आरोप लगाते हुए सवाल किया और पूरा मामला फेसबुक लाइव पर रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच बहस तेज हो गई। फेसबुक लाइव पर ही परविंदर ने कहा कि दुकान के मालिक ने पिस्तौल निकाली है और कुछ मिनट बाद करीब से गोलीबारी कर दी।
परविंदर को मानसा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके साथियों में से कुछ घायल हुए और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान बंद करके फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने टीमें गठित कीं और उसके एक सहायक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मुख्य आरोपी अश्वनी अभी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है, लेकिन उसकी तलाश जारी है।
यह हत्या पुरानी दुश्मनी से जुड़ी बताई जा रही है। 2023 में परविंदर और उसके साथियों ने अश्वनी को जूतों की माला पहनाकर बाजार में घुमाया था। इस मामले में दोनों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज हुए थे। परविंदर के पिता ने पंजाब सरकार और स्थानीय विधायक पर उनके बेटे को सुरक्षा न देने का आरोप लगाया है।